स्कूल की फीस नहीं भर पाए तो निकाला गया, आज 400 बच्चों की पढ़ाई का बने सहारा; KBC तक पहुंची कहानी

स्कूल की फीस न भर पाने के कारण निकाले गए उद्देश्य सचान ने उसी दर्द को अपनी जिंदगी का मकसद बना लिया। पेड़ के नीचे 8-10 बच्चों से शुरू हुआ उनका गुरुकुलम आज करीब 400 बच्चों को निशुल्क शिक्षा दे रहा है। यह कहानी KBC की हॉट सीट तक भी पहुंची।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 September 2026, 1:57 PM IST
google-preferred

Kanpur: कभी स्कूल की फीस जमा न कर पाने का दर्द झेलने वाले उद्देश्य सचान ने शायद उस वक्त नहीं सोचा होगा कि यही परेशानी एक दिन उनकी जिंदगी का मकसद बन जाएगी। फीस के पैसे नहीं होने के कारण उन्हें स्कूल से निकाल दिया गया था। इस घटना ने उनके मन में ऐसा संकल्प पैदा किया कि आर्थिक तंगी के कारण कोई और बच्चा पढ़ाई से वंचित न हो। इसी सोच से शुरू हुआ सफर आज करीब 400 बच्चों के निशुल्क गुरुकुलम तक पहुंच चुका है और उनकी कहानी KBC के मंच पर भी पहुंची।

पेड़ के नीचे 8-10 बच्चों से हुई शुरुआत

कानपुर के हंसपुरम नौबस्ता निवासी उद्देश्य सचान पिछले करीब सात वर्षों से परसौली गांव में गुरुकुलम ‘खुशियों वाला स्कूल’ चला रहे हैं। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने शुरुआत में पेड़ के नीचे बैठाकर करीब 8 से 10 बच्चों को पढ़ाना शुरू किया। उनका मकसद खास तौर पर गरीब परिवारों और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले उन बच्चों तक शिक्षा पहुंचाना था, जो आर्थिक परेशानियों के चलते पढ़ाई से दूर रह जाते हैं।

धीरे-धीरे उद्देश्य सोशल मीडिया पर सक्रिय हुए। लोगों को उनके काम के बारे में जानकारी मिली और सहयोग भी बढ़ता गया। आज इस गुरुकुलम में करीब 400 बच्चे पीजी से लेकर 12वीं तक निशुल्क शिक्षा हासिल कर रहे हैं।

पढ़ाई के साथ खेल और दूसरी गतिविधियों पर भी जोर

गुरुकुलम में बच्चों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा जाता। पढ़ाई के साथ खेलकूद और दूसरी गतिविधियां भी कराई जाती हैं। यहां कोई तय फीस नहीं है। गुरुकुलम लोगों के सहयोग और सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाली मदद से आगे बढ़ रहा है।

उद्देश्य के सोशल मीडिया पर करीब 11 लाख फॉलोअर्स हैं। यही फॉलोअर्स उनकी शिक्षा मुहिम को आगे बढ़ाने में सहयोग करते हैं।

चंदे पर सवाल और बेरोजगारी पर बवाल! देवरिया की सड़कों पर उतरी सपा, जानिए सरकार की मुश्किल बढ़ाने वाला यह प्रदर्शन क्यों है अहम?

जब गुरुकुलम की कहानी पहुंची KBC की हॉट सीट तक

बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने की यह मुहिम उद्देश्य सचान को ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच तक ले गई। KBC की हॉट सीट पर उन्हें महानायक अमिताभ बच्चन से बातचीत करने का मौका मिला। उद्देश्य ने गुरुकुलम और वहां पढ़ने वाले बच्चों की पूरी कहानी साझा की।

बच्चों की शिक्षा के लिए उनके प्रयासों की कहानी सुनकर अमिताभ बच्चन भी भावुक नजर आए और उन्होंने मदद की बात कही। KBC में उद्देश्य सचान ने 12.5 लाख रुपये जीते। इसके बाद 25 लाख रुपये के सवाल पर उन्होंने क्विट करने का फैसला किया।

बच्चों के लिए स्कूल नहीं, घर बन चुका है गुरुकुलम

गुरुकुलम में पढ़ने वाले बच्चों का उद्देश्य से जुड़ाव उनकी बातों में भी दिखाई देता है। बच्चे कहते हैं कि “ये मेरा घर है, हमें यहां से जाने का मन नहीं करता।”

शायद यही इस पूरी पहल की सबसे बड़ी उपलब्धि है। जिस आर्थिक परेशानी ने कभी उद्देश्य को स्कूल से बाहर कर दिया था, उसी दर्द ने उन्हें ऐसे बच्चों के लिए शिक्षा का रास्ता बनाने के लिए प्रेरित किया, जिनके लिए स्कूल जाना आसान नहीं था।

Location :  New Delhi

Published :  14 September 2026, 1:57 PM IST

Related News

Advertisement