न मैसेज आया न फोन, ऐन वक्त पर धोखा दे गई PNG रसोई गैस, ऑफिस-स्कूल जाने वालों की छूटी बस

मैनपुरी की आवास विकास कॉलोनी सहित कई इलाकों में शुक्रवार सुबह करीब तीन घंटे पीएनजी गैस की आपूर्ति ठप रहने से हाहाकार मच गया। एचपीसीएल के मुख्य सर्विस रेगुलेटर का प्रेशर डाउन होने से सुबह 7 से 10 बजे तक सप्लाई बंद रही। बिना पूर्व सूचना के आए इस संकट से सैकड़ों घरों में नाश्ता और खाना नहीं बन सका।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 3 July 2026, 1:11 PM IST
google-preferred

Mainpuri: मैनपुरी शहर की आवास विकास कॉलोनी सहित कई इलाकों में अचानक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति ठप हो जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्य सर्विस रेगुलेटर का प्रेशर डाउन होने के कारण सुबह करीब सात बजे से दस बजे तक गैस सप्लाई बंद रही, जिससे सैकड़ों घरों के चूल्हे ठंडे पड़ गए।

नाश्ता और खाना बनाने में हुई भारी दिक्कत

सुबह का समय होने के कारण अधिकांश लोग बच्चों को स्कूल और स्वयं कार्यालय जाने की तैयारी में जुटे थे। इसी दौरान अचानक गैस आपूर्ति बंद हो गई, जिससे नाश्ता और भोजन बनाने का काम प्रभावित हो गया। कई परिवारों को मजबूरन वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ा। कुछ लोगों ने एलपीजी सिलेंडर का उपयोग किया तो कई परिवारों ने बाहर से नाश्ता मंगवाकर काम चलाया।

बिना सूचना बंद हुई सप्लाई

स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस आपूर्ति बंद होने की कोई पूर्व सूचना कंपनी की ओर से नहीं दी गई। न तो मोबाइल पर कोई संदेश भेजा गया और न ही किसी अन्य माध्यम से उपभोक्ताओं को जानकारी दी गई, जिसके कारण लोगों को अचानक परेशानी झेलनी पड़ी।

Mainpuri: हाईवे पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, जानें केबिन में फंसे ड्राइवर की कैसे बची जान?

तीन घंटे बाद बहाल हुई सेवा

एचपीसीएल के अधिकारियों के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण मुख्य सर्विस रेगुलेटर का प्रेशर डाउन हो गया था, जिससे वाल्व स्वतः बंद हो गए। सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों को मौके पर भेजकर अलग-अलग स्थानों पर तकनीकी समस्या को दूर कराया गया। करीब तीन घंटे बाद गैस आपूर्ति बहाल कर दी गई।

उपभोक्ताओं ने पहले से सूचना देने की उठाई मांग

आवास विकास कॉलोनी की निवासी अर्चना और रामरती ने कहा कि यदि कंपनी पहले ही सूचना दे देती तो लोग वैकल्पिक व्यवस्था कर लेते और इतनी परेशानी नहीं होती। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि भविष्य में किसी भी तकनीकी खराबी या सप्लाई बाधित होने की स्थिति में समय रहते सूचना देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

Location :  Mainpuri

Published :  3 July 2026, 1:11 PM IST

Advertisement