Mainpuri: हाईवे पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, जानें केबिन में फंसे ड्राइवर की कैसे बची जान?

मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में हाईवे पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत में चालक डेढ़ घंटे तक केबिन में फंसा रहा। हाइड्रा मशीन से रेस्क्यू कर दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 2 July 2026, 1:49 PM IST
google-preferred

Mainpuri: बेवर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हाईवे पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत में एक चालक करीब डेढ़ घंटे तक ट्रक के केबिन में फंसा रहा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद हाइड्रा मशीन की मदद से चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में ट्रक का परिचालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, अनपरा से गाजियाबाद जा रहा कोयले से लदा ट्रक बेवर थाना क्षेत्र में बंद होटल के सामने अचानक ब्रेक लगने से रुक गया। पीछे से आ रहा दूसरा ट्रक समय रहते नहीं रुक सका और तेज रफ्तार में जाकर आगे खड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

डेढ़ घंटे तक केबिन में फंसा रहा चालक

हादसे में पीछे वाले ट्रक के चालक अमजद खान, पुत्र अनवर खान, निवासी शाहगंज (सोनभद्र), ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गए। वहीं परिचालक अवधेश कुमार, पुत्र अमृत लाल, निवासी दौराला, थाना चिल (मिर्जापुर), भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

Mainpuri: रोटावेटर की चपेट में आने से बालक की दर्दनाक मौत, गांव में मचा कोहराम; जानें कैसे हुआ हादसा

सूचना पर पहुंची बेवर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक को निकालना आसान नहीं था। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद हाइड्रा मशीन से केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

दोनों घायल जिला अस्पताल रेफर

रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेवर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे से हाईवे पर लगा जाम

दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Location :  Mainpuri

Published :  2 July 2026, 1:48 PM IST

Advertisement