हिंदी
आवारापन 2 का टीज़र (Img: Pinterest)
Mumbai: बॉलीवुड के सीरियल किसर और दमदार अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर अपने सबसे आइकॉनिक किरदार 'शिवम पंडित' के रूप में बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। यह फिल्म उनकी 2007 में रिलीज़ हुई कल्ट क्लासिक फिल्म 'आवारापन' का आधिकारिक सीक्वल है।
मेकर्स के वादे के मुताबिक 29 जून को इस बहुप्रतीक्षित रोमांटिक-एक्शन ड्रामा का टीज़र आधिकारिक तौर पर रिलीज़ कर दिया है। दिलचस्प बात यह है कि आज ही के दिन फिल्म के पहले पार्ट को रिलीज़ हुए पूरे 19 साल हो चुके हैं, जिसने इस मौके को और भी खास बना दिया है।
'आवारापन 2' के टीज़र की शुरुआत बेहद धमाकेदार अंदाज़ में होती है। इमरान हाशमी बाइक चलाते हुए नज़र आ रहे हैं और बैकग्राउंड में उनका दमदार डायलॉग गूंजता है, 'कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होती, उनकी कहानी दूसरों के लिए लिखी जाती है।' इसके तुरंत बाद टीज़र में पहले पार्ट की यादों को ताज़ा करते हुए श्रिया सरन के किरदार 'आलिया हामिद' को भावुक श्रद्धांजलि देते हुए दिखाया गया है, जो सीधे दर्शकों के दिलों को छू जाती है।
टीज़र की सबसे बड़ी यूएसपी इसका बैकग्राउंड म्यूज़िक है। जैसे ही बैकग्राउंड में ओरिजिनल फिल्म का एवरग्रीन और आइकॉनिक गाना 'तो फिर आओ' बजना शुरू होता है, दर्शकों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। इसी बीच इमरान को यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'दर्द से पुराना रिश्ता है मेरा।' टीज़र में इस बार इमरान के साथ लीड रोल में नज़र आने वाली दिशा पाटनी और दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी सहित कई अन्य कलाकारों की भी झलक दिखाई गई है। टीज़र का अंत इमरान हाशमी की इस रोंगटे खड़े कर देने वाली लाइन के साथ होता है, 'इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा या मैं।'
इमरान हाशमी को दोबारा शिवम पंडित के इंटेंस लुक और पुराने अंदाज़ में देखकर उनके फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। टीज़र रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया के कमेंट सेक्शन में बाढ़ आ गई है। एक क्रेज़ी फैन ने लिखा, "मैं इस टीज़र को कम से कम 10 बार और देखूँगा।" वहीं एक अन्य यूज़र ने लिखा, "इमरान हाशमी का कोई मुकाबला नहीं है, अब बॉक्स ऑफिस पर असली दीवानगी छाएगी।"
बता दें कि साल 2007 में मोहित सूरी के निर्देशन में बनी 'आवारापन' बॉक्स ऑफिस पर भले ही औसत रही थी, लेकिन बाद के सालों में इसके बेहतरीन गानों और गहरी कहानी के दम पर इसे 'कल्ट स्टेटस' मिला था।
अब 19 साल बाद आ रहे इसके सीक्वल 'आवारापन 2' को नितिन कक्कड़ निर्देशित कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण विशेष फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। इमरान हाशमी, दिशा पाटनी और शबाना आजमी स्टारर यह फिल्म स्वतंत्रता दिवस के वीकेंड पर यानी 14 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Location : Mumbai
Published : 29 June 2026, 2:20 PM IST