हिंदी
यूपी टीईटी परीक्षा को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट
Gorakhpur: जनपद में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी)-2026 का पहला दिन गुरुवार को कड़ी सुरक्षा, सघन निगरानी और नकलविहीन वातावरण में शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। परीक्षा की पूरी व्यवस्था ऑब्जर्वर वी.पी. श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त आईपीएस/डीआईजी) तथा नोडल अधिकारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार की देखरेख में संचालित रही।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ और पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जनपद में परीक्षा के लिए 32 केंद्र बनाए गए हैं। कुल 57,020 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जबकि लगभग 15 हजार अभ्यर्थी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्तर की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इस प्रकार करीब 72,020 परीक्षाओं की सहभागिता सुनिश्चित हुई है। परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को कुल पांच पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा हो रही है। पहली पाली सुबह 9:30 से 12:00 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जा रही है।
पहले दिन पहली पाली में 14,615 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, जिनमें से 12,899 उपस्थित रहे, जबकि 1,716 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार पहली पाली में 88.26 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं दूसरी पाली में भी 14,615 अभ्यर्थियों में से 13,047 ने परीक्षा दी और 1,568 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 89.27 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की गई। प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए डबल लॉक व्यवस्था लागू रही। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं। साथ ही यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखा गया, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से सम्पन्न हुई तथा कहीं से किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
Location : Gorakhpur
Published : 3 July 2026, 4:15 AM IST