हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- AI)
Etah: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा एक बार फिर कई गंभीर सवाल खड़े कर गया है। फर्रुखाबाद से एटा आ रही एटा डिपो की रोडवेज बस रास्ते में खराब हो गई। बस को दोबारा चालू करने के लिए यात्री खुद सड़क पर उतरकर धक्का लगा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस और कंटेनर के बीच दबकर चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था की उन खामियों की ओर भी इशारा करता है, जिनकी कीमत आम नागरिकों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे थाना बागवाला क्षेत्र के गांव कीलरमऊ के पास फर्रुखाबाद से एटा आ रही एटा डिपो की रोडवेज बस अचानक खराब हो गई। चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बस को दोबारा स्टार्ट करने के लिए करीब दस यात्री बस के पीछे धक्का लगाने लगे, जबकि कुछ अन्य यात्री बस के आगे खड़े थे।
Etah Crime News: बेटी का जन्मदिन मनाने आया था घर, लेकिन दरवाजे पर उसका इंतजार कर रही थी मौत!
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर आया और उसने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस को धक्का लगा रहे यात्री बस और कंटेनर के बीच बुरी तरह दब गए, जबकि आगे खड़े लोग भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इमरजेंसी में चिकित्सकों ने राजेश (34) पुत्र रामसिंह निवासी दौलतपुर थाना नवाबगंज, सुखराम पुत्र राजपाल निवासी पिलखना, शैलेश कुमार पुत्र जोगराज सिंह निवासी उम्मरपुर थाना नवाबगंज (सभी जनपद फर्रुखाबाद) तथा सत्येंद्र पुत्र राजकुमार निवासी भरी थाना स्याना, जनपद बुलंदशहर को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
हादसे में रवि पुत्र राजेश निवासी गोदेपुर थाना मोहम्मदाबाद, विक्रांत, आनंद सिंह और दक्ष सहित कई अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मामले में जांच शुरू कर दी गई है और कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Etah News: एटा पुलिस लाइन में झटका, ड्यूटी के दौरान इंस्पेक्टर की अचानक मौत से हड़कंप
यह हादसा कई सवाल खड़ा कर रहा है, जब रोडवेज बस रास्ते में खराब हुई तो यात्रियों को खुद सड़क पर उतरकर बस में धक्का लगाने की नौबत क्यों आई? ऐसी स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या पर्याप्त इंतजाम थे? सड़क किनारे खड़ी खराब बस के आसपास सुरक्षा के आवश्यक उपाय क्यों नहीं किए गए?
Location : Etah
Published : 3 July 2026, 11:04 AM IST