महराजगंज में सनसनीखेज वारदात: महाविद्यालय के महिला छात्रावास में प्रशिक्षक की गोली लगने से मौत, छत पर मिला खून से लथपथ शव

महराजगंज के श्यामदेउरवां क्षेत्र स्थित विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय में कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षक अजय यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हैं।

Updated : 3 July 2026, 11:52 AM IST
google-preferred

Maharajganj: जिले के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र स्थित रुद्रपुर भलुही के विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय में  शुक्रवार सुबह सनसनीखेज घटना सामने आई। कौशल विकास मिशन योजना के तहत प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षक अजय यादव (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

मृतक अजय यादव, रामकोला थाना क्षेत्र के कुस्महा बिरौली गांव के निवासी थे और विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय में कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षण कार्य कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की।

Maharajganj News: पत्नी के इलाज के नाम पर लिया उधार, फिर पलटे… पार्षद पर कोर्ट ने अपनाया कड़ा रुख

जानकारी के मुताबिक, महाविद्यालय परिसर में छात्राओं का हॉस्टल भी संचालित है, जहां पांच छात्राएं रह रही थीं। भीषण गर्मी के कारण कॉलेज परिसर में मौजूद लोग छत पर सो रहे थे। छात्राएं भी कुछ दूरी पर सोई हुई थीं। इसी दौरान देर रात अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर अजय यादव खून से लथपथ मिले। गोली लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी।

Maharajganj News

परिजनों में हलचल, जांच की मांग (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)

घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस कॉलेज परिसर में मौजूद सभी लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Maharajganj News: आधी रात घर में घुसी मौत की रफ्तार! बोलेरो ने मचाया तांडव, महिला गंभीर

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस सनसनीखेज वारदात के जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  3 July 2026, 11:16 AM IST

Advertisement