हिंदी
सुखनी देवी के परिजनों ने उठाई न्याय की मांग (Img: Dynamite News)
Brijmanganj: महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में सुखनी देवी की संदिग्ध मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से सुनियोजित साजिश रची गई, जिसके तहत पहले उनकी वसीयत और बैनामा कराया गया और फिर संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, इस मामले में न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में भारी आक्रोश है।
परिजनों के अनुसार सुखनी देवी अपने देवर तोलेराम सहानी के साथ रहती थीं। आरोप है कि सितंबर 2025 में कुछ रिश्तेदार उन्हें इलाज कराने के बहाने अपने साथ ले गए। इसके बाद 10 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2025 तक उनका इलाज महराजगंज के एक निजी अस्पताल में कराया गया। इसी दौरान 13 अक्टूबर को कथित रूप से अस्वस्थ अवस्था में उन्हें रजिस्ट्रार कार्यालय ले जाकर उनकी जमीन और मकान का बैनामा तथा वसीयत अपने पक्ष में करा ली गई।
पल भर में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, ननद ने अपनी ही भाभी की कर दी हत्या; पढ़ें पूरा मामला
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के अगले ही दिन 19 अक्टूबर 2025 को सुखनी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि मामले को दबाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। हालांकि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई न होने के कारण पीड़ित पक्ष को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के निर्देश पर बृजमनगंज थाने में किरन, कन्हई, रामदीन और रामनरेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। बावजूद इसके अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे उच्चाधिकारियों से मिलकर न्याय की मांग करेंगे। इस मामले को लेकर क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर दर्ज गंभीर मुकदमे में कार्रवाई की गति बेहद धीमी है। ऐसे में अब सबकी नजर पुलिस की अगली कार्रवाई और जांच के नतीजों पर टिकी हुई है।
Location : Maharajganj
Published : 12 June 2026, 11:22 AM IST