हिंदी
बाढ़ से प्रभावित गांवों को संवारने में जुटा प्रशासन
Maharajganj: सोहगीबरवा क्षेत्र में बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब जिला प्रशासन ने प्रभावित गांवों में सामान्य जनजीवन बहाल करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर तीनों प्रभावित ग्राम पंचायतों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पशुधन देखभाल, राहत व्यवस्था और क्षति के आकलन का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
बाढ़ के बाद जलजनित बीमारियों और संक्रमण की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने विशेष स्वच्छता अभियान शुरू कराया है। तीनों ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक भवनों, सड़कों, नालियों और बाजार क्षेत्रों की व्यापक सफाई कराई जा रही है। करीब 70 सफाईकर्मियों की टीम क्षेत्र में कैम्प कर लगातार सफाई अभियान चला रही है।
निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक एडीओ के साथ नौ ग्राम पंचायत सचिव भी प्रभावित क्षेत्र में कैम्प कर रहे हैं। बीडीओ निचलौल मौके पर पहुंचकर सफाई समेत अन्य राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी प्रशासन अलर्ट है। दो चिकित्सकों समेत 10 स्वास्थ्यकर्मियों की मेडिकल टीम प्रभावित क्षेत्र में लगातार कैम्प कर रही है। टीम गांवों में पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ जरूरतमंदों का उपचार कर रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में आवश्यकतानुसार दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, जिससे बाढ़ प्रभावित लोगों को इलाज के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
बाढ़ से प्रभावित पशुधन की देखभाल के लिए पशुधन विभाग की टीम भी गांवों में सक्रिय है। एक डिप्टी सीवीओ और दो सीवीओ समेत छह सदस्यीय टीम प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण कर पशुओं का उपचार कर रही है।
तहसीलदार निचलौल के अनुसार 15 लेखपालों की टीम घर-घर और मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वेक्षण कर रही है। सर्वे के आधार पर वास्तविक क्षति का आकलन किया जाएगा और नियमानुसार अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने एसडीएम समेत सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्वच्छता, स्वास्थ्य, पशुधन, राहत और क्षति आकलन से जुड़े सभी कार्य आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने तथा क्षति का वास्तविक और पारदर्शी आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Location : Maharajganj
Published : 3 October 2026, 6:09 AM IST