हिंदी
मंदिर में मची खलबली (Img: Dynamite News)
Maharajganj: सावन माह के प्रथम सोमवार पर फरेंदा क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्ममुहूर्त से ही भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। फरेंदा के गोपलापुर शिव मंदिर, शिव मंदिर आनंदनगर सहित क्षेत्र के अन्य शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
मंदिर परिसर "बोल बम", "हर-हर महादेव" और "ॐ नमः शिवाय" के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालु गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, भांग,पुष्प,अक्षत एवं प्रसाद अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक करते रहे। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और क्षेत्र में सुख-शांति की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर सुबह से ही शिवालयों में पूजा-अर्चना की।
ये भी पढ़ें - मंदिर से लौटते ही मातम में बदलीं सावन की खुशियां, मां-बेटी की मौत से पूरे मोहल्ले की आंखें हुईं नम

सावन के पहले सोमवार पर मंदिरों के बाहर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। पूजा सामग्री, फूल-माला, बेलपत्र, गंगाजल, प्रसाद, मिठाई, खिलौने और खानपान की अस्थायी दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं। व्यापारियों ने बताया कि सावन के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में दो से तीन गुना तक बढ़ जाती है। बच्चों और महिलाओं में मेले को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। फरेंदा थाना पुलिस के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सादे कपड़ों (सिविल ड्रेस) में भी पुलिसकर्मियों को मंदिर परिसर तथा आसपास के संवेदनशील स्थानों पर लगाया गया। प्रमुख शिवालयों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराया गया।
ये भी पढ़ें - सावन के पहले सोमवार को चमकी खरीदारों की किस्मत! सोने-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट, जानिए आज का ताजा भाव
मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस लगातार गश्त करती रही और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। मंदिर समितियों ने भी भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में प्रशासन का भरपूर सहयोग किया।
गोपलापुर शिव मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान दो महिलाओं की सोने की चेन गायब होने की सूचना मिलने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए और तत्काल जांच शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें - मैनपुरी हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान, सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब
तलाशी के दौरान एक महिला की सोने की चेन मंदिर परिसर में जमीन पर गिरी हुई मिली, जिसे पुलिस ने बरामद कर संबंधित महिला को सौंप दिया। वहीं दूसरी महिला द्वारा चेन चोरी की शिकायत किए जाने पर पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस करीब आधा दर्जन संदिग्धों को पूछताछ के लिए फरेंदा थाने ले गई।
फरेंदा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द सामान्य हो गई और श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा।
Location : Maharajganj
Published : 3 August 2026, 2:20 PM IST