हिंदी
सोनौली में चोरों का आतंक
महराजगंज: जनपद के सोनौली कस्बे में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक हफ्ते के भीतर तीसरी बड़ी चोरी की घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। खास बात यह है कि अब तक पुलिस एक भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है।
क्या है पूरी खबर?
ताजा मामला सोनौली थाना क्षेत्र के गौतमबुद्ध नगर का है, जहां दिनदहाड़े चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की। जानकारी के अनुसार, राजनारायण जैसवाल अपने परिवार के साथ दोपहर में किसी रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए किचन के जंगले की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
जेवरात और एक लाख रुपये से अधिक की नगदी
घर के अंदर घुसते ही चोरों ने एक-एक कमरे को खंगाल डाला। जब शाम करीब चार बजे परिवार वापस लौटा, तो घर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। पीड़ित के अनुसार चोर करीब 20 से 25 तोला सोने के जेवरात और एक लाख रुपये से अधिक की नगदी लेकर फरार हो गए।
जांच-पड़ताल शुरू
घटना की सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि, अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते एक सप्ताह से लगातार हो रही चोरियों से कस्बे में भय का माहौल बन गया है। लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और रात में भी जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।
Home Tips: खिड़कियों का ऐसा राज जो बदल सकता है आपकी किस्मत और घर की ऊर्जा, जानें सही दिशा और नियम
इस संबंध में उपनिरीक्षक गौरव यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Location : Maharajganj
Published : 2 May 2026, 6:21 PM IST
Topics : Latest News Maharajganj News up crime UP News