हिंदी
मीट की दुकान पर चाकूबाजी(Img: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निचलौल नगर के मिया वार्ड में सोमवार को मीट बेचने वाले दो दुकानदारों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों दुकानदारों के बीच चाकूबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहा 17 वर्षीय किशोर चाकू की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई चाकूबाजी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक मिया वार्ड में सड़क किनारे मीट बेच रहे दो दुकानदारों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों एक-दूसरे पर आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि दोनों के बीच चाकू चलने लगा। इसी दौरान वहां से गुजर रहा मारवाड़ी वार्ड निवासी हरिओम अग्रवाल (17) चाकू के हमले की चपेट में आ गया।
चाकू लगने के बाद किशोर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर तड़पने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही उसके पिता अजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। चाकूबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना को लेकर आसपास के लोगों में भी काफी आक्रोश और भय का माहौल है।
महराजगंज में अचानक सड़कों पर उतरी भारी पुलिस फोर्स, जानें क्या था मकसद?
मामले को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और वह मामले की जानकारी करा रहे हैं। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होने की बात सामने आ रही है।
Location : Maharajganj
Published : 14 September 2026, 8:45 PM IST
Topics : crime news Knife attack Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Meat Shop Dispute Teenager Injured