हिंदी
पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल की अचानक मौत
Maharajganj: जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धानी पुलिस चौकी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान आजमगढ़ निवासी हेड कांस्टेबल रामनयन मौर्य (38 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस प्रशासन ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेड कांस्टेबल रामनयन मौर्य ड्यूटी के दौरान बाइक से धानी स्थित स्टेट बैंक के पास पहुंचे ही थे कि अचानक उन्हें चक्कर आ गया और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। वह असहज होकर सड़क किनारे रुक गए। यह देख आसपास मौजूद लोगों और साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभाला।
सर्दी से बचाव को लेकर प्रशासन सख्त: सभी एसडीएम व अधिशासी अधिकारियों को सख्त निर्देश
साथी पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) धानी ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। इस खबर के मिलते ही धानी पुलिस चौकी और बृजमनगंज थाना क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक हेड कांस्टेबल रामनयन मौर्य मूल रूप से आजमगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। उनकी उम्र करीब 38 वर्ष थी और वह काफी समय से महाराजगंज जिले में अपनी सेवाएं दे रहे थे। सहकर्मियों के अनुसार, वह कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार स्वभाव के पुलिसकर्मी थे।
पुलिस प्रशासन ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। परिजनों के धानी पहुंचने के बाद शव को जिला मुख्यालय महाराजगंज भेजकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इस अचानक हुई मौत से पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। साथी पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। अधिकारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मी के परिवार के प्रति संवेदना जताई है और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
Location : Maharajganj
Published : 22 December 2025, 8:02 PM IST
Topics : Maharajganj Crime Maharajganj News up crime UP News