महराजगंज: भाजपा नेता बृजेन्द्र श्रीवास्तव पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप, कार्यालय में बैठक के बीच मचा बवाल

भाजपा कार्यालय के अंदर ‘दंगल’! कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में महिला ने भाजपा नेता बृजेन्द्र श्रीवास्तव के साथ की तीखी बहस और पकड़ लिया कॉलर। एलआईसी के पैसों से जुड़े इस विवाद ने खड़ा किया बड़ा हंगामा। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्या की कार्रवाई? जानें विस्तार से

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 18 March 2026, 7:49 PM IST
google-preferred

Maharajganj: महराजगंज के नौतनवा स्थित भाजपा कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चल रही बैठक के बीच एक वृद्ध महिला पहुंच गई और एक भाजपा नेता पर पैसे के लेनदेन को लेकर गंभीर आरोप लगाने लगी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि महिला ने नेता का कॉलर पकड़ लिया और जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।

कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि भाजपा कार्यालय में दोपहर के समय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की एक बैठक चल रही थी, जिसमें दर्जनों लोग मौजूद थे। इसी दौरान निर्मला देवी नाम की एक महिला अचानक वहां पहुंचीं और भाजपा नेता बृजेन्द्र श्रीवास्तव पर पैसों के लेनदेन का आरोप लगाते हुए तीखी बहस शुरू कर दी।

जानें राज्यसभा के विदाई समारोह में खरगे ने किसके लिए बोल दी ऐसी बात कि पीएम मोदी भी नहीं रोक पाए हंसी!

महिला ने कथित तौर पर अपने पैसे वापस मांगते हुए नेता को खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान वहां मौजूद कार्यकर्ता बीच-बचाव करते नजर आए और स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन माहौल कुछ देर तक तनावपूर्ण बना रहा।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

हंगामे की सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले की जानकारी जुटानी शुरू की।

एलआईसी से जुड़े विवाद की बात आई सामने

पुलिस के अनुसार, यह विवाद एलआईसी के पैसों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। नौतनवा थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि महिला और संबंधित पक्ष के बीच पैसों को लेकर मतभेद था, जिसके चलते यह हंगामा हुआ।

Viral Story: पति ने कहा मर जाऊंगा लेकिन नहीं रखूंगा, प्रेमी के बाद लौट आई पत्नी का वीडियो वायरल

उन्होंने यह भी बताया कि एक पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजनीतिक कार्यक्रम के बीच घटना से उठे सवाल

इस घटना ने राजनीतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की कानून व्यवस्था की समस्या नहीं है।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 18 March 2026, 7:49 PM IST

Advertisement