Maharajganj: बीवी और 2 बच्चों को पीछे छोड़कर युवक ने मौत को लगाया गले, कुछ दिन पहले गायब हो गई थी चेहरे की रौनक

महराजगंज जिले के लुकपुरवा गांव में 28 वर्षीय युवक अजय प्रजापति का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। बागापार क्षेत्र के लुकपुरवा गांव, पोस्ट लखिमा थरूवा में 28 वर्षीय अजय प्रजापति का शव उनके ही दो मंजिला मकान के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।

देर रात खुला बंद कमरे का राज

परिजनों के मुताबिक, अजय काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिवार को चिंता हुई। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर का मंजर देख सबके होश उड़ गए। अजय फंदे से लटके हुए थे। घबराए परिजनों ने तुरंत उन्हें नीचे उतारा और जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जिला मर्चरी हाउस में रखवा दिया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अजय तीन भाइयों में से एक थे। उनके पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन बेसुध हैं और गांव में मातम पसरा हुआ है। हर चेहरे पर एक ही सवाल है आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक युवा जिंदगी ने यूं दम तोड़ दिया?

ग्रामीणों के अनुसार, अजय रोज़गार के सिलसिले में बाहर रहते थे और चार दिन पहले ही घर लौटे थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से वह मायूस नजर आ रहे थे। गांव के लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक कलह की बात सामने आती रही थी, हालांकि इस घटना की असली वजह अभी साफ नहीं है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 1 March 2026, 10:59 PM IST

Advertisement
Advertisement