हिंदी
बृजमनगंज में गिरी दीवार (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: जनपद के नौतनवा में दीवार गिर कर एक नाबालिग की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था तबतक बृजमनगंज नगर पंचायत क्षेत्र में एक बड़ा हादसा सामने आया है। वार्ड नंबर-2 में नाली निर्माण कार्य के दौरान की गई खुदाई के चलते एक युवक का निजी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबकर 11 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में कर्मियों के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वार्ड में नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान दीवार के बिल्कुल किनारे तक खुदाई कर दी गई। बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण दीवार, की नींव कमजोर हो गई थी। मंगलवार को अचानक दीवार भरभराकर ढह गई और पास में मौजूद 11 वर्षीय किशोर उसकी चपेट में आ गया।
दीवार, गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे को हटाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद किशोर को बाहर निकाला गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। लोगों का आरोप है कि नाली निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। यदि खुदाई के दौरान आवश्यक सावधानियां बरती जातीं और दीवार को सुरक्षित रखने के इंतजाम किए जाते तो यह हादसा टाला जा सकता था।
Maharajganj News: आधी रात घर में घुसी मौत की रफ्तार! बोलेरो ने मचाया तांडव, महिला गंभीर
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन और निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा को नजरअंदाज करने का खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में नौतनवा में सुंदरीकरण गेट गिरने से एक मासूम की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि बृजमनगंज में दीवार ढहने की यह घटना सामने आ गई। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने जिले में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Maharajganj
Published : 23 June 2026, 4:31 PM IST
Topics : Brijmanganj Child Injured infrastructure safety Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) wall collapse