विद्यालय के पास अवैध मिट्टी खनन का खेल, बरसात में छात्रों की जान पर मंडरा सकता है खतरा

भिटौली थाना क्षेत्र के पकड़ी दीक्षित गांव में विद्यालय के पास अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी से करीब पांच फीट गहरी खुदाई कर मिट्टी निकाली जा रही है। बरसात में इससे छात्रों और ग्रामीणों के लिए हादसे का खतरा बढ़ सकता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कार्रवाई नहीं कर रहा है।

Maharajganj: जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी दीक्षित गांव में विद्यालय के समीप बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। गांव के लोगों का आरोप है कि खनन माफिया खुलेआम जेसीबी मशीन लगाकर खेतों से करीब पांच फीट तक गहरी खुदाई करा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। विद्यालय के नजदीक हो रहे इस अवैध खनन से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और आने वाले बरसात के मौसम को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।

दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहेगा

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर मिट्टी की खुदाई की जा रही है, वहां से कुछ ही दूरी पर महाविद्यालय स्थित है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से विद्यालय आते-जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश शुरू हुई तो गहरे गड्ढों में पानी भर जाएगा, जिससे हादसे की आशंका कई गुना बढ़ जाएगी। बच्चों के फिसलने, वाहन पलटने और राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहेगा।

Ganga Expressway पर फ्री सफर खत्म, 14 मई से लागू हुआ दूरी आधारित हाईटेक टोल सिस्टम,जानें डिटेल

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन का कार्य दिन और रात दोनों समय जारी रहता है। जेसीबी मशीनों से तेजी से मिट्टी निकाली जा रही है और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए ढुलाई भी लगातार हो रही है। इससे गांव की सड़कों की हालत खराब हो रही है। भारी वाहनों के आवागमन से धूल उड़ रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों और विद्यालय आने वाले छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विद्यालय संचालकों ने भी इस पूरे मामले पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि अगर इसी तरह गहरी खुदाई होती रही तो बरसात में विद्यालय परिसर के आसपास जलभराव और भूमि धंसने जैसी समस्याएं खड़ी हो सकती हैं। इससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ छात्रों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

देवरिया में ‘स्कैन हैंग’ गैंग पर दिल्ली पुलिस का बड़ा शिकंजा! काली मंदिर के पास हुई ऐसी कार्रवाई, गांव में मचा हड़कंप

ग्रामीणों का कहना है कि खनन विभाग और प्रशासन को कई बार इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर किसके संरक्षण में विद्यालय के पास इस तरह खुलेआम अवैध खनन कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल जांच कराकर अवैध खनन पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन नहीं जागा तो बरसात के मौसम में यह अवैध खनन किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

Location :  Maharajganj

Published :  15 May 2026, 12:02 PM IST

Advertisement