हिंदी
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने हंसिया से काटा गला (Img: Google)
Maharajganj: जनपद के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद के बाद एक व्यक्ति ने हंसिया से अपना ही गला काट लिया। गंभीर हालत में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल और बाद में जिला अस्पताल महराजगंज रेफर किया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवां गांव निवासी मोहन (40) का बुधवार रात अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। विवाद बढ़ने पर पत्नी नाराज होकर शिकायत करने थाने चली गई।
पत्नी के घर से निकलने के बाद मोहन गुस्से और तनाव में आ गया। इसी दौरान उसने घर में रखा हंसिया उठाया और अपना गला काट लिया। गला कटते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना देख परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घर में चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवां पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मोहन को उसके भाई सोहन और गांव के चौकीदार प्रहलाद की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया।
Agra: गुस्साई महिलाओं ने मटके फोड़ निकाली अपनी भड़ास, जमकर की नारेबाजी
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार में लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद में व्यक्ति द्वारा खुद को घायल करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Location : Maharajganj
Published : 15 May 2026, 11:49 AM IST