हिंदी
बिरजू महाराज कथक का कार्यक्रम (Img: Google)
Lucknow: लखनऊ के कैसरबाग स्थित राय उमानाथ बाली प्रेक्षागृह में बुधवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। बिरजू महाराज कथक संस्थान और संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का नाम ‘युगल नृत्यांजलि’ रखा गया था, जो ‘कथक संध्या’ श्रृंखला का हिस्सा है।
कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति गोविंद चौधरी और रोशनी प्रसाद ने की। उन्होंने भगवान शिव को समर्पित भावपूर्ण नृत्य पेश किया, जिसकी पृष्ठभूमि में भक्ति गीत “नमामि शमीशाम” की धुन गूंज रही थी। इसके बाद उनकी अगली प्रस्तुति “श्री राधे रानी” ने दर्शकों को राधा और कृष्ण के बीच की मधुर नोक-झोंक और प्रेमभाव का सुंदर दृश्य प्रस्तुत किया। उनकी अभिव्यक्ति और तालमेल को दर्शकों ने खूब सराहा।
दूसरी प्रस्तुति अंजुल बाजपेयी और पीयूष पांडे की रही, जिसमें उन्होंने कथक की लयकारी और भाव-भंगिमा का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को लगातार बांधे रखा और तालियों की गूंज से पूरा सभागार भर गया।
इसके बाद ईशा रतन और मीशा रतन की जोड़ी ने पारंपरिक कथक नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनकी सधी हुई मुद्राएं और भाव-प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
इस कार्यक्रम में संगत कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजीव शुक्ला ने सारंगी पर, मनीष ने हारमोनियम पर और आरिफ ने गायन के माध्यम से प्रस्तुतियों को और अधिक जीवंत बना दिया। उनकी संगत ने नृत्य की भावनाओं को और गहराई दी।
CUET Result के बाद भी वाराणसी के यूपी कॉलेज समेत कई संस्थानों ने बढ़ाई आवेदन तिथि, जानिये पूरी डिटेल
इस अवसर पर संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश तिवारी सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे, जिनमें सुरभि सिंह भी शामिल थीं। कार्यक्रम का सफल संचालन देवेंद्र सिंह द्वारा किया गया। पूरे आयोजन ने लखनऊ की सांस्कृतिक परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
Location : Lucknow
Published : 14 May 2026, 9:33 AM IST
No related posts found.