हिंदी
सीयूईटी छात्रों को बड़ी राहत (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
Varanasi: वाराणसी में सीयूईटी यूजी और पीजी रिजल्ट का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। जिले के कई प्रमुख कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अब भी करीब 7500 से ज्यादा सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया जारी रहेगी। विद्यार्थियों को जून के पहले सप्ताह तक आवेदन करने का अवसर मिलेगा, जबकि कुछ संस्थानों ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने के संकेत भी दिए हैं।
वाराणसी के यूपी कॉलेज, हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज, जगतपुर पीजी कॉलेज, अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों की हजारों सीटों पर अभी प्रवेश होना बाकी है। जानकारी के मुताबिक यूपी कॉलेज में करीब 3000 सीटें, हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में 1200 सीटें, जगतपुर पीजी कॉलेज में 1000 से अधिक सीटें और काशी विद्यापीठ समेत अन्य कॉलेजों में लगभग 2000 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया जारी रहेगी।
यूपी कॉलेज प्रशासन ने छात्रों की सुविधा को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित थी, लेकिन अब 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ 31 मई तक आवेदन किया जा सकेगा। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि सीयूईटी यूजी रिजल्ट आने तक विद्यार्थियों को आवेदन का मौका दिया जा सकता है।
यूपी कॉलेज के प्राचार्य प्रो डीके सिंह के अनुसार अभी तक स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों के लिए लगभग 3500 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं, जबकि सीटों की संख्या इससे कहीं अधिक है। उनका कहना है कि अधिकतर छात्र सीयूईटी परीक्षा परिणाम जारी होने का इंतजार कर रहे हैं और रिजल्ट के बाद ही विभिन्न कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया तेज होगी।
दूसरी ओर, सीयूईटी पीजी का परिणाम 24 अप्रैल को पहले ही जारी किया जा चुका है। वहीं सीयूईटी यूजी की परीक्षाएं 11 मई से शुरू होकर 31 मई तक चलेंगी। माना जा रहा है कि जून के मध्य तक यूजी का रिजल्ट भी घोषित किया जा सकता है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन छात्रों को पर्याप्त समय देने की तैयारी में है।
इधर, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में भी बड़ी संख्या में दाखिले होंगे। सीयूईटी के माध्यम से बीएचयू में करीब 21 हजार से अधिक यूजी और पीजी सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन पहले ही यूजी प्रवेश बुलेटिन जारी कर चुका है और प्रवेश प्रक्रिया शहर के विभिन्न केंद्रों पर संचालित की जा रही है।
Location : Varanasi
Published : 14 May 2026, 8:34 AM IST