हिंदी
युवक की जान बचने पर परिजनों में संतोष (Img: Dynamite News)
Kaushambi: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद मछुआरों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने तुरंत नदी में पहुंचकर युवक को बाहर निकाल लिया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक घटना संदीपन घाट थाना क्षेत्र के बसेढ़ी गांव के पास की बताई जा रही है। भरवारी निवासी अंकित कुशवाहा का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक काफी परेशान था।
इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर फेसबुक लाइव किया। लाइव के दौरान युवक ने कथित तौर पर एक सुसाइड नोट भी दिखाया और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। इसके कुछ देर बाद उसने गंगा नदी में छलांग लगा दी।
ये भी पढ़ें- अमृतपुर में सपा टिकट की रेस तेज! गांव-गांव पहुंच रहे दावेदार, किसके नाम पर लगेगी मुहर?
युवक को नदी में जाते देखकर वहां मौजूद मछुआरों ने तुरंत मदद की। उन्होंने बिना देर किए युवक को नदी से बाहर निकाला। इस वजह से उसकी जान बच सकी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक के फेसबुक लाइव और कथित सुसाइड नोट की भी जांच कर रही है। इसके अलावा युवक और उसके परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पत्नी से विवाद की असली वजह सामने आ सके।
ये भी पढ़ें- बलरामपुर में डीजे की तेज आवाज से बच्ची की मौत के बाद उठे सवाल, नियमों की अनदेखी पर घिरा सिस्टम
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ने ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप किन परिस्थितियों में लगाए थे। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल इस घटना में युवक की जान बच जाने से परिवार ने राहत की सांस ली है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को जोड़कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Location : Kaushambi
Published : 24 September 2026, 9:57 AM IST
Topics : Facebook Live Ganga River Kaushambi News