हिंदी
पेंशन कर्मियों की करीब 100 फाइलें गायब(Img: Pinterest)
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग के पुराने सीएमओ कार्यालय स्थित पेंशन कक्ष से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की करीब 100 पेंशन पत्रावलियां गायब मिलने से हड़कंप मच गया है। गायब फाइलों में एक सेवानिवृत्त एसीएमओ की पेंशन पत्रावली भी शामिल होने की बात सामने आई है। पत्रावलियां कब और किस तरह गायब हुईं, फिलहाल इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा कि चकेरी स्थित पुराने सीएमओ ऑफिस स्थित पेंशन कक्ष है। अस्पताल के वरिष्ठ सहायक भूप नारायण 16 सितंबर को पेंशन संबंधी पत्रावलियों के सिलसिले में कक्ष में पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर उन्हें कमरे की खिड़की खुली मिली। इसके बाद जब उन्होंने कक्ष में रखी पत्रावलियों को देखा तो सेवानिवृत्त कर्मचारियों की कई पेंशन फाइलें वहां नहीं थीं। जिसको देखने के बाद कयास लगाए जाने लगे कि फाइलें चोरी हुई है। हालांकि चोरों ने फाइलें ही क्यो गायब की ये बड़ा सवाल जरूर है।
सीएमओ हरिदत्त नेमी ने बताया कि पुराने ऑफिस के पास पेंशन कक्ष में चोरी हुई है। 16 सितंबर को वरिष्ठ सहायक अंदर जब गए तो खिड़की खुली मिली जिसमे रखी कई फाइल्स गायब हैं, जिनका हिसाब कर पाना थोड़ा मुश्किल है कि संख्या कितनी है। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चकेरी पुलिस को सूचना दी गई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से अज्ञात में तहरीर दी गई है। पुलिस कक्ष के आसपास लगे सीसीटीवी व घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। स्वास्थ्य विभाग भी गायब हुई पत्रावलियों का ब्योरा जुटाने में लगा है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि फाइलें किस तरह गायब या चोरी हुईं और इसके पीछे किसकी भूमिका थी।
Location : Kanpur
Published : 22 September 2026, 7:11 PM IST