हिंदी
कानपुर में 14 करोड़ की लेम्बोर्गिनी कार से 6 लोगों को कुचलने के मामले में कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा पर FIR दर्ज हो गई। अब जल्द ही इस मामले में बड़ा एक्शन पुलिस के द्वारा लिया जाएगा।
तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा
Kanpur News: कानपुर में 14 करोड़ रुपये की लग्ज़री लेम्बोर्गिनी कार से कई लोगों को टक्कर मारने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। शुरुआती तौर पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, लेकिन जांच में तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा का नाम सामने आने के बाद पुलिस अब FIR में उनका नाम जोड़ने की तैयारी कर रही है। हादसे के बाद कार को ग्वालटोली थाने ले जाकर काले कवर से ढंकने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
घायल की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
चमनगंज घुसियाना निवासी मोहम्मद तौफीक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। तौफीक के अनुसार, 8 फरवरी दोपहर झूला पार्क चौराहे के पास तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार ने पहले खड़ी बुलेट में टक्कर मारी और फिर उन्हें भी घायल कर दिया। हादसे में कई अन्य लोग भी चोटिल हुए और बुलेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जांच में सामने आया आरोपी का नाम
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि शुरुआत में चालक की पहचान नहीं हो सकी थी, इसलिए अज्ञात में केस दर्ज हुआ। जांच में पता चला कि कार कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा चला रहे थे। हादसे के बाद उनके साथ मौजूद बाउंसरों ने उन्हें कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अब मेडिकल स्थिति और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई डरावनी तस्वीर
गवाहों के मुताबिक, बेकाबू कार ने एक बुलेट सवार को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह करीब 10 फीट दूर जा गिरा और कार बुलेट पर चढ़ गई। इसके बाद आसपास मौजूद अन्य लोग भी चपेट में आ गए। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने कार को घेर लिया और हंगामा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
कारोबारी परिवार पहले भी जांच के घेरे में
तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा की कंपनी पर दो साल पहले आयकर विभाग की छापेमारी हो चुकी है। उस दौरान दिल्ली स्थित आवास से 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लग्ज़री कारें मिलने और टैक्स चोरी के आरोप सामने आए थे। मौजूदा हादसे के बाद एक बार फिर यह परिवार चर्चा में है।