अंधेरे में नहीं दिखा मौत का गड्ढा, बाइक समेत धड़ाम से गिरा डिलीवरी बॉय; CCTV में कैद हुआ हादसा

कानपुर के जाजमऊ में देर रात डिलीवरी देने जा रहा बाइक सवार युवक अचानक खुले गड्ढे में जा गिरा। सड़क पर अंधेरा होने के कारण उसे खतरा नजर नहीं आया। हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें बाइक समेत युवक के गड्ढे में गिरने का पूरा मंजर दिख रहा है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 September 2026, 10:48 AM IST
google-preferred

Kanpur: कानपुर में सड़क और सीवर के खुले गड्ढे राहगीरों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। जाजमऊ में देर रात डिलीवरी देने जा रहा बाइक सवार युवक अचानक गड्ढे में बाइक समेत जा गिरा। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें युवक सड़क से आता दिखाई देता है और कुछ ही सेकेंड बाद बाइक समेत गड्ढे में गिर जाता है।

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि युवक डिलीवरी बॉय है और रात में ऑर्डर पहुंचाने के लिए बाइक से जा रहा था। सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण उसे रास्ते में मौजूद खुला गड्ढा शायद दिखाई नहीं दिया। जैसे ही बाइक गड्ढे के पास पहुंची, वह सीधे उसमें जा गिरी और युवक भी बाइक के साथ गड्ढे में चला गया।

ये भी पढ़ें- चाकू से हमला करने के बाद झाड़ियों में छिपा दिया था हथियार, देवरिया में दो आरोपी गिरफ्तार

हेलमेट पहने हुए था युवक

हादसे के बाद युवक की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे गड्ढे से बाहर निकाला और इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। हादसे में युवक घायल हुआ है। युवक के हेलमेट पहने होने की वजह से ज्यादा चोटें नहीं आयी है। सीसीटीवी फुटेज में हादसे की तस्वीर साफ दिखाई देती है। अंधेरे में सड़क पर मौजूद गड्ढा नजर नहीं आता और बाइक सवार अचानक उसमें गिर जाता है।

ये भी पढ़ें- गोलीबारी और धमाकों की आवाज से रातभर गूंजी घाटी; जंगल में जारी ऑपरेशन में दो आतंकी ढेर

सीवर लाइन मरम्मत के लिए खोदा गया था गड्ढा

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां 15 दिन पहले सीवर लाइन की मरम्मत का काम होने के बाद गड्ढा खुला रहा। लोगों के मुताबिक, यदि गड्ढे के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दी जाती तो हादसे को टाला जा सकता था। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि खुले गड्ढे को तत्काल बंद कराया जाए और सड़क पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं, ताकि रात के समय यहां से गुजरने वाले दूसरे राहगीरों के साथ कोई बड़ा हादसा न हो।

Location :  Kanpur

Published :  17 September 2026, 10:32 AM IST

Advertisement