गोलीबारी और धमाकों की आवाज से रातभर गूंजी घाटी; जंगल में जारी ऑपरेशन में दो आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं। मजाल्टा इलाके में रातभर चले संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सेना, पुलिस और CRPF ने कार्रवाई की।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 17 September 2026, 10:14 AM IST
google-preferred

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। गुरुवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान दो आतंकियों को मार गिराया। यह ऑपरेशन बुधवार देर रात जिले के जंगल क्षेत्र में शुरू हुआ था।

अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने मजाल्टा क्षेत्र के दूरदराज इलाके ब्रटेल सोन और खुब्बन में संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

रातभर चली गोलीबारी और धमाकों की आवाज

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात करीब 9 बजे शुरू हुए अभियान के कुछ ही समय बाद जंगल में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।

मुठभेड़ के दौरान इलाके में लगातार फायरिंग और धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं। सुरक्षाबलों ने संदिग्ध आतंकी ठिकाने को निशाना बनाकर कार्रवाई की, जिसमें दो आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

आतंकियों ने दागे रॉकेट, ड्रोन से रखी निगरानी

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों की मौजूदगी का पता चलते ही आतंकियों ने जवानों पर रॉकेट दागे। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने सात से आठ रॉकेट फायर किए और निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल भी किया।

हालांकि, सुरक्षाबलों ने सतर्कता बरतते हुए ऑपरेशन जारी रखा और जवाबी कार्रवाई में दो आतंकियों को ढेर कर दिया।

अतिरिक्त बल मौके पर भेजे गए

फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि जंगल में कुछ और आतंकी छिपे हो सकते हैं।

मुठभेड़ स्थल की ओर सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टुकड़ियां रवाना की गई हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और अन्य सुरक्षा बल संयुक्त रूप से पूरे अभियान को अंजाम दे रहे हैं।

Location :  Jammu Kashmir

Published :  17 September 2026, 10:14 AM IST

Advertisement