गुरुग्राम द्वारका एक्सप्रेसवे हादसा: तेज रफ्तार कार ने दो युवकों को कुचला, तीन गंभीर घायल

गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर श्रीराम चौक के पास तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पर काम कर रहे युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 17 September 2026, 10:02 AM IST
google-preferred

Gurugram: गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। श्रीराम चौक के पास दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पर काम कर रहे युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद कार रेलिंग से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

डिवाइडर पर ग्रिल लगाने का चल रहा था काम

पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब द्वारका एक्सप्रेसवे पर श्रीराम चौक के पास डिवाइडर को सुरक्षित करने के लिए लोहे की ग्रिल लगाने का काम चल रहा था।

चार युवक ग्रिल लगाने में जुटे हुए थे। काम पूरा होने के बाद बिजेंद्र और पप्पू ग्रिल के पेंच कस रहे थे, जबकि सतीश चंद और राम कुमार ग्रिल को पकड़कर खड़े थे।

इसी दौरान दिल्ली की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही बीट कार सीधे युवकों से जा टकराई।

ग्रीन बेल्ट में कूदे युवक, फिर भी नहीं बची जान

कार को तेजी से अपनी ओर आता देख सतीश चंद और राम कुमार ने जान बचाने के लिए एक्सप्रेसवे के बीच बनी ग्रीन बेल्ट में छलांग लगा दी। लेकिन कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि वह बेकाबू होकर ग्रीन बेल्ट में भी जा घुसी और दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर के बाद कार दीवार से टकराकर रुक गई। हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

बुलंदशहर के रहने वाले थे मृतक युवक

मृतकों की पहचान बिजेंद्र और पप्पू के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले थे।

वहीं, सतीश चंद और राम कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कार चालक की पहचान गुरुग्राम सेक्टर-110 स्थित इंडियाबुल्स एनिग्मा निवासी 20 वर्षीय वेदान खन्ना के रूप में हुई है, जो दिल्ली यूनिवर्सिटी का छात्र बताया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद सभी घायलों को गुरुग्राम के वाइब्रेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। कार चालक को प्राथमिक उपचार के बाद फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया है।

बजघेड़ा थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Location :  Gurugram

Published :  17 September 2026, 10:02 AM IST

Advertisement