चाकू से हमला करने के बाद झाड़ियों में छिपा दिया था हथियार, देवरिया में दो आरोपी गिरफ्तार

देवरिया के गौरीबाजार में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला 14 सितंबर को एक युवक पर हुए धारदार हथियार से हमले से जुड़ा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस को आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाया गया चाकू भी मिला।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 September 2026, 10:07 AM IST
google-preferred

Deoria: गौरीबाजार पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी 16 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर विशुनपुरा तिराहे के पास से की गई। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो मामले में इस्तेमाल किए गए हथियार तक पहुंचने की कड़ी भी सामने आई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक गोड़ (22) पुत्र शारदा, निवासी चिलौना, थाना गौरीबाजार और विकास हरिजन (24) पुत्र रामप्रवेश, निवासी करमहा, थाना गौरीबाजार के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें- रुड़की में चलती कार में मां-बेटी से दरिंदगी: फास्ट ट्रैक कोर्ट का फैसला, ताउम्र जेल में सड़ेंगे गुनहगार

14 सितंबर को युवक पर हुआ था हमला

मामले की शुरुआत 14 सितंबर की घटना से हुई थी। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, देवतहां निवासी भभूतन यादव के बेटे विशाल यादव पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। आरोप लगाया गया कि अभिषेक गोड़ ने अपने साथियों के साथ मिलकर विशाल पर जान से मारने की नीयत से हमला किया, जिसमें वह घायल हो गया। घटना के बाद 15 सितंबर को भभूतन यादव ने गौरीबाजार थाने में तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पूछताछ के बाद झाड़ियों तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर बखरा चौराहे के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, चाकू की बरामदगी के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ाई गई है। अब पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़ सड़क हादसा: ट्रैक्टर-पिकअप की भीषण टक्कर में दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, तीन घायल

अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पांडेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में गौरीबाजार पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Location :  Deoria

Published :  17 September 2026, 10:07 AM IST

Advertisement