कानपुर सेंट्रल पर बवाल, रेलवे के इंतजामों पर उठा सवाल, RPF ने संभाला मोर्चा

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जनरल कोचों में जगह न मिलने पर अभ्यर्थी एसी कोचों में घुस गए, जिसके बाद RPF ने मोर्चा संभाला।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 10 June 2026, 5:38 PM IST
google-preferred

Kanpur: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा समाप्त होने के बाद कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घर लौटने की जल्दबाजी और ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के चलते स्थिति ऐसी बन गई कि कई परीक्षार्थी आरक्षित एसी कोचों में जबरन घुस गए। देखते ही देखते स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों तथा रेलवे प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई।

जनरल बोगियों में नहीं मिली जगह

चश्मदीदों के अनुसार परीक्षा समाप्त होने के बाद हजारों अभ्यर्थी एक साथ स्टेशन पहुंच गए थे। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आते ही जनरल कोच यात्रियों से पूरी तरह भर गए। कई बोगियों में खड़े होने तक की जगह नहीं बची थी। ऐसे में ट्रेन छूटने के डर और घर पहुंचने की जल्दबाजी में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने एसी कोचों के दरवाजे खोलकर अंदर प्रवेश कर लिया।

यात्रियों ने जताई नाराजगी

अचानक बड़ी संख्या में लोगों के एसी कोचों में घुसने से आरक्षित टिकट लेकर यात्रा कर रहे यात्रियों में असंतोष फैल गया। यात्रियों ने आरोप लगाया कि कोचों में अचानक भीड़ बढ़ने से सफर करना मुश्किल हो गया। कई यात्रियों ने तत्काल रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ से शिकायत की।

Kanpur: फर्जीवाड़े ने पूरे शिक्षा सिस्टम की साख पर खड़े किए सवाल, आइए जानें कैसे चलता था नकली शिक्षा का कारोबार?

RPF ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अन्य सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसी कोचों में मौजूद परीक्षार्थियों को बाहर निकालना शुरू किया। सुरक्षाकर्मियों ने अभ्यर्थियों को समझाते हुए आरक्षित कोच खाली करवाए और उन्हें जनरल बोगियों की ओर भेजा। कार्रवाई के दौरान कुछ अभ्यर्थियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

भीड़ प्रबंधन पर उठे सवाल

घटना ने एक बार फिर बड़े स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान रेलवे और प्रशासन की भीड़ प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हजारों अभ्यर्थियों के एक साथ लौटने की संभावना के बावजूद पर्याप्त अतिरिक्त इंतजाम नहीं होने से यात्रियों और परीक्षार्थियों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Kanpur Fire: दो किलोमीटर तक धुंए का गुबार, संगीत टॉकीज के पास गोदाम में लगी भीषण आग

हर परीक्षा के बाद दोहराती है तस्वीर

जानकारों का मानना है कि पुलिस भर्ती, रेलवे भर्ती और अन्य बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के बाद स्टेशन और बस अड्डों पर इसी तरह की भीड़ देखने को मिलती है। यदि समय रहते अतिरिक्त ट्रेनें और विशेष व्यवस्थाएं नहीं की गईं, तो भविष्य में भी ऐसी अव्यवस्था दोहराई जा सकती है।

Location :  Kanpur

Published :  10 June 2026, 5:38 PM IST

Advertisement