झांसी में जज को बम से उड़ाने की धमकी

झांसी में जज को बम से उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कोर्ट के साथ-साथ जज की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 18 April 2026, 1:47 PM IST
google-preferred

Jhansi : झांसी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक जज को बम से उड़ाने की धमकी भरा खत मिला। खत में साफ तौर पर जान से मारने की बात लिखी गई थी और तारीख तक तय कर दी गई थी। धमकी के सामने आते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था तुरंत कड़ी कर दी गई।

डाक से आया खौफनाक खत

झांसी में तैनात विशेष न्यायाधीश आदित्य चतुर्वेदी को 16 अप्रैल को एक धमकी भरा पत्र मिला। यह पत्र डाक के जरिए भेजा गया था। जिसमें लिखा था कि उन्होंने लखनऊ जिला कोर्ट में कई मामलों में हमारी कौम के बेगुनाह लोगों को सजा सुनाई है। पत्र में यह भी कहा गया कि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और 30 अप्रैल तक उन्हें कोर्ट परिसर में बम से उड़ाने की योजना है। खत भेजने वाले का नाम मोहम्मद सलीम मंसूरी बताया गया है।

सूचना मिलते ही हरकत में आया प्रशासन

17 अप्रैल को इस मामले की जानकारी जिला कोर्ट के अधिकारियों ने एसपी सिटी को दी। इसके तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी और उसी रात केस दर्ज कर लिया गया। जज, कोर्ट परिसर और उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है।

झांसी का जल्लाद आशिक: पहले प्रेमिका के किए छोटे-छोटे टुकड़े, फिर हर रोज जलाता था एक अंग; पढ़ें खौफनाक कहानी

कहां से भेजा गया पत्र

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पत्र कचहरी परिसर स्थित डाकघर से भेजा गया था। जिस पर वहीं की मुहर लगी हुई है। पुलिस ने पत्र भेजने का समय भी ट्रेस कर लिया है और अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली जाएगी।

शरारती तत्व की आशंका

पुलिस को शुरुआती तौर पर शक है कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत हो सकती है लेकिन धमकी की गंभीरता को देखते हुए कोई भी ढिलाई नहीं बरती जा रही। सहायक पुलिस अधीक्षक अरीबा नोमान ने बताया कि किसी ने जज को डराने और धमकाने की कोशिश की है और इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था हुई कड़ी

घटना के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा को और मजबूत किया गया है। साथ ही जज आदित्य चतुर्वेदी की व्यक्तिगत सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस हर संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए सतर्क है और लगातार निगरानी कर रही है।

Location :  Jhansi

Published :  18 April 2026, 1:47 PM IST

Advertisement