पीठ में लगी गोली, फिर भी नहीं रुके कदम, 1 किलोमीटर स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंचा कारोबारी; गेट पर हुआ बेहोश

झांसी में एक कारोबारी को बदमाशों ने पीछे से गोली मार दी, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने हर किसी को हैरान कर दिया। 53 साल के प्रशांत गुप्ता गोली लगने और लगातार खून बहने के बावजूद खुद स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंचे।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 13 August 2026, 3:13 PM IST
google-preferred

Jhansi: झांसी में बुधवार शाम एक कारोबारी पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली उनकी पीठ में रीढ़ की हड्डी के पास लगी और खून बहने लगा, लेकिन 53 वर्षीय प्रशांत गुप्ता ने हिम्मत नहीं हारी। घायल हालत में उन्होंने करीब एक किलोमीटर तक खुद स्कूटी चलाई और अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल के गेट पर कर्मचारी को फोन करने के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े।

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे कारोबारी

घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के बूढ़ा पुल के पास बुधवार शाम करीब 6:45 बजे की है। प्रशांत गुप्ता गल्ला मंडी में आढ़त का कारोबार करते हैं और मंडी रोड स्थित कैलाश रेजीडेंसी में रहते हैं। बुधवार शाम उन्होंने अपनी दुकान बंद की और स्कूटी से घर के लिए निकल पड़े। बताया जा रहा है कि दुकान से करीब तीन किलोमीटर दूर बूढ़ा पुल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।

प्रशांत नहीं रुके तो बदमाशों ने पीछे से फायरिंग कर दी। गोली उनकी कमर के पीछे रीढ़ की हड्डी के पास जा लगी। गोली लगने के बाद भी उन्होंने स्कूटी नहीं रोकी।

ये भी पढ़ें- योगी सरकार से नहीं डरते ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिल्डर: लिफ्ट एक्ट लागू के बाद फिर फंसी 5 साल की बच्ची, बाहर बेबस खड़े रहे माता-पिता

पीठ से बह रहा था खून, फिर भी अस्पताल तक पहुंच गए

गोली लगने के बाद प्रशांत घायल हो चुके थे और शरीर से खून बह रहा था। इसके बावजूद उन्होंने स्कूटी की रफ्तार बढ़ाई और खुद करीब एक किलोमीटर तक चलाकर सरोज अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद उन्होंने अपने कर्मचारी को फोन किया। कुछ ही देर में दुकान का कर्मचारी वहां पहुंचा। इसी दौरान प्रशांत बेहोश होकर गिर पड़े। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और उन्हें दूसरे निजी अस्पताल ले जाया गया।

डॉक्टरों ने जांच के बाद देर रात ऑपरेशन किया और गोली निकाल दी। गोली रीढ़ की हड्डी के बेहद करीब लगी थी। फिलहाल कारोबारी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बैग में कैश समझकर हमला करने का शक

प्रशांत के चाचा और यूपी व्यापार मंडल के झांसी जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता ने बताया कि घटना के पीछे की वजह अभी साफ नहीं है। उनके मुताबिक प्रशांत के पास एक बैग था, जिसमें लैपटॉप रखा हुआ था। परिवार को आशंका है कि बदमाशों ने बैग को कैश से भरा समझकर हमला किया होगा। परिवार का यह भी कहना है कि प्रशांत की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हालांकि पुलिस अभी लूट या किसी अन्य वजह को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- Deoria News: स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं पर आजाद हिंद सेना वाहिनी का हल्लाबोल, DM से जांच की मांग

बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए दो टीमें बनाई हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। एसपी सिटी प्रीति सिंह के मुताबिक गोली लगने के बाद घायल कारोबारी खुद अस्पताल पहुंचे थे। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Location :  Jhansi

Published :  13 August 2026, 3:13 PM IST

Advertisement