फिरोजाबाद में खौफनाक वारदात! पिता ने बेटी को उतारा मौत के घाट, बचाने आई पत्नी पर भी हमला

फिरोजाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ने गुस्से में अपनी 19 साल की बेटी पर बांक से हमला कर उसकी जान ले ली। बेटी को बचाने पहुंची पत्नी पर भी आरोपी ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घायल महिला को आगरा रेफर किया गया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 June 2026, 2:00 PM IST
google-preferred

Firozabad: फिरोजाबाद के थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की नीलकंठ कॉलोनी में रविवार रात एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। एक पिता, जिसे अपनी बेटी की हिफाजत करनी थी, वही उसका कातिल बन बैठा। गुस्से में आपा खोए पिता ने अपनी 19 साल की बेटी पर बांक से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बेटी को बचाने आई पत्नी को भी आरोपी ने नहीं छोड़ा और उस पर भी जानलेवा वार कर दिए।

मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप

जानकारी के मुताबिक नीलकंठ कॉलोनी निवासी राकेश राठौर अपनी बेटी मुस्कान (19) से पिछले कुछ दिनों से नाराज चल रहा था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पिता-बेटी के बीच तनाव था। रविवार रात घर में इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि राकेश ने अपना आपा खो दिया। उसने घर में रखा बांक उठा लिया और बेटी मुस्कान पर हमला कर दिया।

वाराणसी में फिरोजाबाद जैसा मामला: दुधमुंही बच्ची को जमीन पर पटका, दादा की गोद में खेल रही थी मासूम

बेटी को बचाने पहुंची मां पर भी हमला

बेटी पर हमला होते देख मां पुष्पा देवी (48) खुद को रोक नहीं पाईं और उसे बचाने के लिए बीच में आ गईं। लेकिन गुस्से में डूबे राकेश ने पत्नी पर भी हमला कर दिया। आरोपी ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। हमले में पुष्पा देवी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गईं। घर के अंदर से लगातार आ रही चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी दौड़कर पहुंचे। लोगों ने अंदर जाकर देखा तो बेटी की मौत हो चुकी थी और मां खून से लथपथ हालत में पड़ी थी।

पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने थाना बसई मोहम्मदपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण स्वरूप पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत घायल पुष्पा देवी को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मृतका मुस्कान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

“जीते जी मर गई वो…” फिरोजाबाद में विवाहिता के आरोपों से मचा हड़कंप, FIR दर्ज

बेटी पर लगाता था परिवार की बदनामी का आरोप

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले मुस्कान घर से कहीं चली गई थी। इसी बात को लेकर पिता राकेश काफी नाराज था। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता बेटी पर परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाता था। इसी गुस्से और नाराजगी के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी।

आरोपी पिता गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि वारदात के तुरंत बाद पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश राठौर को हिरासत में ले लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े सभी सबूतों की जांच कर रही है।

Location :  Firozabad

Published :  15 June 2026, 2:00 PM IST

Advertisement