वाराणसी में फिरोजाबाद जैसा मामला: दुधमुंही बच्ची को जमीन पर पटका, दादा की गोद में खेल रही थी मासूम

वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। अकथा गांव की वनवासी मुसहर बस्ती में एक युवक ने कथित तौर पर एक माह की दुधमुंही बच्ची को उसके दादा की गोद से छीनकर दो बार जमीन पर पटक दिया। घायल बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 7 June 2026, 12:53 AM IST
google-preferred

Varanasi: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। अकथा गांव स्थित वनवासी मुसहर बस्ती में शनिवार शाम एक युवक ने कथित तौर पर एक माह की दुधमुंही बच्ची को उसके दादा की गोद से छीन लिया और कुछ ही सेकंड के भीतर उसे दो बार जमीन पर पटक दिया। मासूम बच्ची की चीख-पुकार और घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

घर के बाहर बैठा था परिवार

परिजनों के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे बच्ची के दादा पप्पू अपनी एक माह की पोती को गोद में लेकर घर के बाहर बैठे हुए थे। परिवार के लोग भी आसपास मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला विकास यादव वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि किसी को कुछ समझ आता उससे पहले ही उसने बच्ची को दादा की गोद से छीन लिया। आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को सीधे जमीन पर पटक दिया। इस अचानक हुई घटना से परिवार के लोग और आसपास मौजूद ग्रामीण स्तब्ध रह गए।

लोगों ने रोका तो फिर उठा कर पटका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब लोगों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो उसने बच्ची को दोबारा उठाया और फिर जमीन पर पटक दिया। बताया जा रहा है कि महज चार सेकंड के भीतर आरोपी ने दो बार इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग घायल बच्ची को लेकर तुरंत अस्पताल की ओर दौड़े, जबकि स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।

वाराणसी में काशी विश्वनाथ दर्शन करते वक्त श्रद्धालु बेहोश, इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम

अस्पताल में चल रहा इलाज

घायल बच्ची को तत्काल श्रीनगर कॉलोनी स्थित किलकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में बच्ची की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिजनों के मुताबिक बच्ची के पिता राजेश मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और हवेलिया चौराहे पर मूर्तियां बनाने का काम करते हैं। वहीं उसकी मां रेनू गृहिणी हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपी के बयान ने बढ़ाई हैरानी

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसे "भगवान ने बलि देने" के लिए कहा था, इसलिए उसने ऐसा किया। हालांकि पुलिस इस दावे को लेकर भी गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति समेत सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

गुस्साए लोगों ने किया चक्का जाम

दुधमुंही बच्ची के साथ हुई इस घटना से वनवासी मुसहर बस्ती के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। रात करीब साढ़े आठ बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण अकथा तिराहे पर पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। सड़क जाम होने से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

शराब, धोखा और कत्ल: सिर काटकर बोरवेल में फेंका, जानें कैसे फिरोजाबाद में एक और पति की हुई हत्या

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

आरोपी गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज

एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि बच्ची को घायल करने के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घायल बच्ची का इलाज जारी है और उसकी मेडिकल रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।

Location :  Varanasi

Published :  7 June 2026, 12:53 AM IST

Advertisement