ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हिट एंड रन का खौफनाक मामला: चीखती रही बीवी और कार वाले ने रौंदकर तोड़ दी कई हड्डी, दोनों केक लेने निकले थे

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक मूर्ति चौक पर 5 सितंबर की सुबह तेज रफ्तार कार ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पीड़ित के दोनों पैरों, हाथ, घुटने और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 September 2026, 10:00 PM IST
google-preferred

Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हिट एंड रन का एक मामला सामने आया है। जिसने सड़क पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। 5 सितंबर की सुबह करीब 4:35 बजे एक मूर्ति चौक के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही कार ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर में कई जगह फ्रैक्चर हुए हैं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

केक लेने के लिए पत्नी के साथ पहुंचा था युवक

बताया जा रहा है कि घटना के समय पीड़ित अपनी पत्नी के साथ एक मूर्ति चौक के पास गया था। पत्नी ने केक ऑर्डर किया था और उसकी डिलीवरी एक मूर्ति चौक तक ही होनी थी। इसी वजह से दोनों वहां केक लेने पहुंचे थे। पत्नी कार में बैठी हुई थी, जबकि उनके पति बाहर थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार आई और युवक को जोरदार टक्कर मारते हुए मौके से निकल गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसके दोनों पैरों, हाथ, घुटने और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर होने की बात भी सामने आई है। हादसे के बाद परिवार के सामने इलाज और पीड़ित की हालत को लेकर बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई।

हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार

घटना के बाद कार चालक मौके पर नहीं रुका और वहां से फरार हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तेज रफ्तार कार की टक्कर का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।

पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी गिरफ्तार

घटना की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद मामले में तुरंत कार्रवाई की गई। पुलिस ने थाना बिसरख, कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर में अपराध संख्या 639/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125 बी के तहत कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल कार को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर थाना बिसरख में दाखिल करा दिया है।

Location :  Greater Noida West

Published :  15 September 2026, 10:00 PM IST

Related News

Advertisement