हिंदी
मथुरा-बरेली हाईवे पर मौत का तांडव
Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मथुरा-बरेली हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें नायब तहसीलदार सिकंदराराऊ की गाड़ी की चपेट में आने से मोपेड सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के ठुलई गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मोपेड पर तीन लोग सवार होकर जा रहे थे, तभी नायब तहसीलदार सिकंदराराऊ अशोक गुप्ता की गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोपेड सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मौके से भागे नायब तहसीलदार
हादसे में मृतकों की पहचान गांव ठूलई के सुभाषचंद्र (56) और उनके छह वर्ष के नाती दक्ष के रूप में हुई है।
मृतकों में दादा और नाती के शामिल होने की बात सामने आ रही है। वहीं, हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के समय नायब तहसीलदार अशोक गुप्ता भी वाहन में मौजूद थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घटना से नाराज ग्रामीणों ने मथुरा-बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि गाड़ी में सिकंदराराऊ के नायब तहसीलदार अशोक गुप्ता मौजूद थे। घटना के बाद चालक भाग निकला जबकि मौके पर पहुंची पुलिस ने नायब तहसीलदार को वहां से भागने में मदद की। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों ने हादसे के बाद प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के कारणों और वाहन की स्थिति की जांच की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के कारण मामला संवेदनशील बना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Hathras
Published : 15 August 2026, 5:40 AM IST