सुरक्षा, स्वच्छता और नो-ट्रैफिक जाम, हाथरस दाऊजी मेले को लेकर एक्शन मोड में दिखा प्रशासन

हाथरस की सांस्कृतिक धरोहर 115वां ऐतिहासिक दाऊजी महाराज मेला इस बार भी भव्य रूप से आयोजित होगा। जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में मेले के सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 5 August 2026, 3:47 PM IST
google-preferred

Hathras: ब्रज क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक ऐतिहासिक दाऊजी महाराज मेला इस वर्ष अपने 115वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। लगातार तीसरी बार राजकीय मेले के रूप में आयोजित होने जा रहे इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं।

मेला सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, सांस्कृतिक धरोहर

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि दाऊजी महाराज मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हाथरस की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक धरोहर भी है। हर वर्ष जनपद सहित अलीगढ़, मथुरा, आगरा, एटा, कासगंज और आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक मेले में पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा, स्वच्छता और जनसुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

ये भी पढ़ें - Hathras: खेत में पानी के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, दम्पति पर हमला, फायरिंग का भी आरोप

मेले की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

डीएम वत्स ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए, पार्किंग स्थलों का सुव्यवस्थित संचालन हो तथा भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। पुलिस विभाग को संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।

मेले में लगने वाली दुकानों की समीक्षा

बैठक में मेले में लगने वाली दुकानों की तहबाजारी, ठेकेदारों के दायित्व, अग्निशमन व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही जलभराव की समस्या से बचाव के लिए मेला परिसर के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्थायी निर्माण कार्यों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और मेले का आयोजन सुरक्षित एवं भव्य तरीके से संपन्न हो सके।

ऐतिहासिक महत्व भी है खास

राजा दयाराम किला परिसर में आयोजित होने वाला श्री दाऊजी महाराज मेला हाथरस की पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल है। वर्षों से यह मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यापार और सामाजिक सहभागिता का प्रमुख केंद्र रहा है।

ये भी पढ़ें - Hathras: संपूर्ण समाधान दिवस में अचानक पहुंचीं मंडलायुक्त, स्टॉलों का निरीक्षण करते ही अधिकारियों को दिए ये सख्त निर्देश

राजकीय मेले का दर्जा मिलने के बाद इसकी व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। इस वर्ष 115वें आयोजन को लेकर प्रशासन इसे और अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी में जुटा है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वेद प्रकाश, परियोजना निदेशक शिव प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Location :  Hathras

Published :  5 August 2026, 3:47 PM IST

Advertisement