Hathras: खेत में पानी के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, दम्पति पर हमला, फायरिंग का भी आरोप

हाथरस में खेत में पानी छोड़ने और पुरानी रंजिश का विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि कुछ लोग घर में घुस आए और पति-पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित ने तमंचे से फायर करने की कोशिश का भी आरोप लगाया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 2 August 2026, 8:39 PM IST
google-preferred

Hathras: हाथरस के थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला बरी में पुरानी रंजिश और खेत में पानी छोड़ने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित दम्पति का आरोप है कि इसी विवाद के चलते कुछ लोग उनके घर में घुस आए और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

घर में घुसकर लाठी-डंडों से की मारपीट

घायल राजकुमार पुत्र जगदीश प्रसाद ने बताया कि रविवार सुबह नामजद आरोपी उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में राजकुमार और उनकी पत्नी निधि गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ने बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने लगातार हमला जारी रखा।

तमंचे से फायर करने की कोशिश का आरोप

राजकुमार का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने तमंचा निकालकर उन पर फायर करने की भी कोशिश की। हालांकि वह बाल-बाल बच गए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।

ये भी पढ़ें- जांच आगे बढ़ी तो खुली बड़ी सच्चाई… नाबालिग अपहरण केस में बढ़ीं पॉक्सो की धाराएं, आरोपी गिरफ्तार

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

घटना के बाद परिजनों ने घायल पति-पत्नी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू किया। फिलहाल दोनों की हालत पर नजर रखी जा रही है। परिवार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

पुलिस जांच में जुटी

मारपीट की घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही थाना हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें- Gorakhpur: 51 लाख लगाए, करोड़ों का सपना देखा… फिर एक कागज ने खोल दी पूरे ठगी गैंग की पोल

पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर, वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

Location :  Hathras

Published :  2 August 2026, 8:39 PM IST

Advertisement