Hardoi News: वायरल वीडियो के बाद प्रशासन सख्त, स्कूल पर लटकी मान्यता रद्द होने की तलवार

हरदोई के सनबीम स्कूल में प्रिंसिपल और अभिभावक के बीच विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। प्रिंसिपल की एंट्री बैन कर दी गई है और स्कूल की मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 28 April 2026, 8:44 AM IST
google-preferred

Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई में कैनाल रोड स्थित सनबीम स्कूल में प्रिंसिपल और एक अभिभावक के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। 24 अप्रैल को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया और मामले की गंभीर जांच शुरू कर दी गई है।

‘शटअप’ विवाद और अभिभावक के आरोप

पीड़िता नीलम वर्मा का आरोप है कि स्कूल प्रशासन उन पर महंगी कॉपी-किताबें खरीदने का दबाव बना रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी को होमवर्क नहीं दिया जा रहा था। जब वह इस मुद्दे पर बात करने स्कूल पहुंचीं तो प्रिंसिपल ममता मिश्रा ने उनसे अभद्र व्यवहार किया और ‘शटअप’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।

प्रिंसिपल का पक्ष: ‘तनाव में हो गई थी गलती’

वहीं प्रिंसिपल ममता मिश्रा ने इन आरोपों को साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि फीस न देने के कारण विवाद खड़ा किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि उस समय स्कूल में वैक्सीनेशन के दौरान एक बच्ची के बेहोश होने की सूचना से वह तनाव में थीं, जिसके चलते उन्होंने ऊंची आवाज में बात की। हालांकि बाद में उन्होंने अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी।

एबीवीपी का प्रदर्शन, माफी मांगने पर मजबूर

इस घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र नेता अर्पण कुशवाहा ने फीस वृद्धि और जबरन कॉपी-किताब खरीदवाने के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन और बढ़ते दबाव के बीच प्रिंसिपल को कैमरे के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगनी पड़ी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए था।

Video: रायबरेली में सपाइयों ने गाजीपुर, हरदोई घटना पर किया जोरदार विरोध प्रदर्शन

प्रशासन की सख्ती: छापेमारी और सबूत जब्त

27 अप्रैल को बीएसए डॉ. अजीत सिंह ने पुलिस और साइबर टीम के साथ स्कूल में छापेमारी की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज (DVR) और स्कूल के रजिस्टर जब्त कर लिए गए। प्रशासन ने शिक्षकों और छात्रों से भी पूछताछ की है। शुरुआती जांच में कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है।

प्रिंसिपल की एंट्री बैन, मान्यता पर संकट

जिला प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए प्रिंसिपल के स्कूल आने पर रोक लगा दी है। साथ ही, स्कूल की मान्यता रद्द करने के लिए नोटिस देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हरदोई में आग का तांडव: वर्कशॉप जलकर खाक, पढ़ें पूरी खबर

निजी स्कूलों की मनमानी पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का आरोप है कि कई स्कूल उन्हें तय दुकानों से महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर करते हैं। हरदोई प्रशासन ने पूरे जिले के निजी स्कूलों की जांच के संकेत दिए हैं, ताकि इस तरह की शिकायतों पर रोक लगाई जा सके।

Location :  Hardoi

Published :  28 April 2026, 8:43 AM IST

Advertisement