हिंदी
गोरखपुर जोन पुलिस टीम का फुटबॉल में दबदबा (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर जोन पुलिस फुटबॉल टीम ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और दमदार खेल का परिचय देते हुए 74वीं वार्षिक अंतरजोनल फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का गोल्ड मेडल जीतकर पूरे पूर्वांचल का मान बढ़ाया है। बरेली में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन की टीम ने एक भी मुकाबला गंवाए बिना शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर पूरे पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है।
गोरखपुर जोन कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित सम्मान समारोह में डीजी जोन/एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, समर्पण, टीम भावना और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया है। यह जीत केवल खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे गोरखपुर जोन के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम भविष्य में भी इसी जज्बे के साथ नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
ये भी पढ़ें - Gorakhpur News: रिश्ते टूटने की कगार पर थे, लेकिन संवाद और समझदारी ने बदल दी कहानी; परिवार परामर्श केंद्र की पहल रंग लाई
प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन की टीम ने शुरुआत से ही अपना दबदबा कायम रखा। लीग मुकाबले में मेजबान बरेली जोन को 2-0 से हराकर विजयी अभियान शुरू किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में लखनऊ जोन को 3-0 से करारी शिकस्त दी। सेमीफाइनल में प्रयागराज जोन को 2-0 से मात देकर टीम ने फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मेरठ जोन को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
व्यक्तिगत उपलब्धियों में भी गोरखपुर जोन के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। टीम के मुख्य आरक्षी मिथिलेश यादव को पूरे टूर्नामेंट का 'बेस्ट गोलकीपर' चुना गया, जबकि आरक्षी कामरान को सर्वाधिक गोल करने के लिए 'बेस्ट स्कोरर' का सम्मान मिला। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ये भी पढ़ें - Gorakhpur Search Operaion: गोरखपुर पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप, पॉक्सो एक्ट में बंद कैदी ने दिया चकमा
सम्मान समारोह में मौजूद अधिकारियों ने विजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि खेल पुलिस बल में अनुशासन, फिटनेस और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। गोरखपुर जोन पुलिस फुटबॉल टीम की यह शानदार उपलब्धि निश्चित रूप से प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और आने वाले वर्षों में टीम से और भी बड़ी सफलताओं की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 31 July 2026, 6:12 PM IST