हिंदी
गोरखपुर जिला कारागार (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर जिला कारागार में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पॉक्सो एक्ट के एक मामले में न्यायिक अभिरक्षा में बंद एक बंदी के लापता होने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही जेल प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए और पूरे कारागार परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। आनन-फानन में सभी बैरकों की गिनती शुरू कराई गई, जबकि बंदी रक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने जेल के चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गई। हालांकि, खबर लिखे जाने तक बंदी के जेल से फरार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी और जांच जारी थी।
जानकारी के अनुसार, बांसगांव थाना क्षेत्र निवासी विपिन को एक नाबालिग लड़की को भगाने के आरोप में पुलिस ने 18 जुलाई को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसी दिन न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार गोरखपुर भेज दिया गया। वह पिछले 12 दिनों से जेल में निरुद्ध था।
गोरखपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, चार सीओ के कार्यक्षेत्र बदले; SSP ने जारी किया आदेश
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जेल प्रशासन को सूचना मिली कि बंदी विपिन अपनी बैरक में मौजूद नहीं है। सूचना मिलते ही जेल अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। बिना देर किए सभी बैरकों से बंदियों को बाहर निकालकर गिनती कराई गई। साथ ही जेल परिसर के प्रत्येक हिस्से में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
गोरखपुर जिला कारागार (IMG: Dynamite News)
जेल प्रशासन ने सुरक्षा कर्मियों के साथ मिलकर बैरकों, गलियारों, खुले परिसर और अन्य सभी संभावित स्थानों की गहन तलाशी ली। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद बंदी का कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका। इस घटना के बाद जेल प्रशासन के साथ-साथ पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसने बंदी की तलाश शुरू कर दी। वहीं, बांसगांव थाना पुलिस से भी संपर्क कर बंदी से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि बंदी वास्तव में जेल से फरार हुआ है या फिर किसी अन्य वजह से गिनती के दौरान अनुपस्थित पाया गया।
फिलहाल जेल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब तक बंदी के जेल से फरार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन जांच रिपोर्ट और सत्यापन के बाद ही इस संबंध में अंतिम जानकारी जारी करेगा।
Location : Gorakhpur
Published : 31 July 2026, 6:02 PM IST