T20 में राशिद खान की बादशाहत! विकेटों का बनाया दोहरा शतक, दिग्गज गेंदबाज भी पीछे

राशिद खान टी20 इंटरनेशनल में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह में उन्होंने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 30 October 2026, 10:13 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह में खेले गए मुकाबले में अपने 200 अंतरराष्ट्रीय टी20 विकेट पूरे कर लिए। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले राशिद दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले राशिद खान के नाम 199 विकेट दर्ज थे। मैच के दौरान उन्होंने जिम्बाब्वे के विकेटकीपर बल्लेबाज तदिवानाशे मारुमानी को आउट कर अपना 200वां विकेट हासिल किया। इस मुकाबले में राशिद ने एक ही विकेट लिया, लेकिन इसी विकेट के साथ उन्होंने क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया।

T20 इंटरनेशनल में राशिद खान के आसपास कोई नहीं

राशिद खान ने अपने 120वें टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में विकेटों का दोहरा शतक पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि के साथ अंतरराष्ट्रीय टी20 में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में उनकी बादशाहत और मजबूत हो गई है।

टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में इंग्लैंड के आदिल राशिद दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 153 मैचों में 171 विकेट लिए हैं। वहीं, हॉन्गकॉन्ग के एहसान खान 119 मैचों में 165 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं।

न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी भी 142 मैचों में 165 विकेट लेकर चौथे स्थान पर हैं, जबकि टिम साउदी 126 मैचों में 164 विकेट के साथ पांचवें नंबर पर हैं।

ओवरऑल T20 क्रिकेट में भी नंबर-1 हैं राशिद खान

सिर्फ अंतरराष्ट्रीय टी20 ही नहीं, बल्कि ओवरऑल टी20 क्रिकेट में भी राशिद खान सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू टी20 लीग मिलाकर वह अब तक 551 मैचों में 741 विकेट हासिल कर चुके हैं।

राशिद अपनी लेग स्पिन, गुगली और किफायती गेंदबाजी के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं। अलग-अलग टी20 लीग में भी उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।

अर्शदीप सिंह और मिचेल सैंटनर के पास भी रिकॉर्ड बनाने का मौका

राशिद खान के ऐतिहासिक रिकॉर्ड के बीच भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के पास भी बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका है। भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज अर्शदीप सिंह हैं। उन्होंने 102 मैचों में 149 विकेट हासिल किए हैं।

शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले चौथे टी20 मुकाबले में अर्शदीप सिंह के पास 150 अंतरराष्ट्रीय टी20 विकेट पूरे करने का मौका होगा।

वहीं, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर भी इस उपलब्धि के करीब हैं। उन्हें टी20 इंटरनेशनल में 150 विकेट पूरे करने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत है। ऐसे में चौथे टी20 मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी।

Location :  New Delhi

Published :  30 October 2026, 10:13 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement