हिंदी
राह चलते युवक से 77 हजार की लूट का खुलासा
Gorakhpur: थाना कैम्पियरगंज पुलिस ने राह चलते युवक से 77 हजार रुपये और मोबाइल लूटने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूट के 13 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को पीड़ित युवक मेहदावल से पीपीगंज की ओर मोटरसाइकिल से जा रहा था। रास्ते में दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया और मारपीट करते हुए जेब में रखा 77 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर थाना कैम्पियरगंज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर ने अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। लगातार छानबीन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गोरखपुर में फैक्ट्री प्रदूषण और बेरोजगारी के खिलाफ अधिवक्ताओं का प्रदर्शन
आगे की विधिक कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रविन्द्र निषाद निवासी नरकटहा थाना पनियरा जनपद महराजगंज, मुन्ना लाल मौर्य निवासी साढ़े टोला भड़ारे थाना मेंहदावल संतकबीर नगर तथा गिरजेश यादव निवासी नौधरी थाना मेंहदावल संतकबीर नगर के रूप में हुई है।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर लूट की रकम में से 13 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सीएचसी छोड़ जिला अस्पताल क्यों पहुंच रहे मरीज? डीएम गौरव सिंह सोगरवाल का बड़ा एक्शन देखें Video
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी निरीक्षक नीरज राय, स्वाट प्रभारी पुरुषोत्तम आनन्द सिंह, सर्विलांस प्रभारी छोटेलाल राय सहित थाना कैम्पियरगंज की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Location : गोरखपुर
Published : 7 May 2026, 4:42 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News UP News UP Police