हिंदी
पुलिस मुठभेड़ में घायल आरोपी (Img: Google)
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र में एक बिटिया ने जिस बहादुरी और हिम्मत से बदमाशों का सामना करके अपनी दुकान को लुटने से बचाया था, उस पर आज पुलिस ने मुहर लगा दी और मुठभेड़ में दो बदमाशों को धर दबोचा।
दरअसल, ज्वेलरी शॉप में हुई दिनदहाड़े लूट की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। “देवांश स्वर्णकला केंद्र” में हुई इस वारदात में बदमाशों ने बेहद चालाकी से ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया और देखते ही देखते सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत फैल गई थी।
सोमवार दोपहर करीब 2:20 बजे दो युवक दुकान में पहुंचे और गहने दिखाने को कहा। दुकान मालिक राकेश वर्मा उस समय बाहर थे और दुकान पर उनकी बेटी अमृता वर्मा मौजूद थीं। बदमाशों ने पहले तो सामान्य ग्राहकों की तरह व्यवहार किया, लेकिन मौका मिलते ही करीब 20 ग्राम के सोने के झुमके और अन्य जेवरात झपटकर भागने लगे।
लूट की इस घटना में अमृता वर्मा ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। उन्होंने शोर मचाया और एक बदमाश को पकड़कर गिरा भी दिया, लेकिन आरोपी किसी तरह हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। इस दौरान अमृता के हाथ में चोट भी आई, लेकिन उनकी बहादुरी की चर्चा पूरे शहर में होने लगी।
घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में यह भी पता चला कि दूसरा आरोपी बाहर बाइक लेकर इंतजार कर रहा था, जिसके जरिए दोनों फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया। लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के आधार पर बुधवार सुबह पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान सहारनपुर के देवबंद निवासी मेहदी और रहमान के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए सोने के जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 29 April 2026, 9:43 AM IST