हिंदी
सोशल मीडिया का जुनून पड़ा भारी,
Gorakhpur: जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र स्थित करतहरी घाट पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सोशल मीडिया पर रील बनाने के दौरान राप्ती नदी में नहाने गए सात युवकों में से दो युवक गहरे पानी में समा गए। देखते ही देखते हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों युवकों के शव बरामद किए गए, जिसके बाद गांव में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जगदीशपुर गाही निवासी सात युवक शनिवार को राप्ती नदी के करतहरी घाट पर नहाने पहुंचे थे। सभी युवक नदी में मस्ती करते हुए मोबाइल फोन से वीडियो और रील बना रहे थे। इसी दौरान दो युवक नदी के उस हिस्से में पहुंच गए जहां पानी की गहराई अधिक थी और बहाव भी तेज था। अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे।
साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी का तेज बहाव उनके प्रयासों पर भारी पड़ गया। देखते ही देखते दोनों युवक पानी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पीपीगंज थाना पुलिस ने तत्काल स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। काफी प्रयासों के बाद पहले युवक शिवम कुमार पुत्र संजीव कुमार, निवासी जगदीशपुर गाही का शव बरामद कर लिया गया। वहीं दूसरे युवक गोलू कुमार पुत्र रामदीन, उम्र लगभग 19 वर्ष, का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पीएसी की 26वीं वाहिनी के प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाया गया।
कई घंटों तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान पीएसी, स्थानीय गोताखोरों और प्रशासनिक टीम ने नदी के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन की। अंततः गोलू कुमार का शव भी बरामद कर लिया गया। दोनों शवों के मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
सदर तहसील प्रशासन के अधिकारी भी पूरे अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहे और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नदी में पानी का बहाव तेज होने और गहराई का सही अनुमान न लगा पाने के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन ने लोगों से नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में सावधानी बरतने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
Location : Gorakhpur
Published : 6 June 2026, 3:39 PM IST