गोरखपुर में रिश्तों का कत्ल: पिता पर मासूम बेटे-बेटी को दिया जहर, मासूमों की मौत से मचा कोहराम

गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिस पिता की उंगली पकड़कर बच्चे जीवन की राह पर चलना सीखते हैं, उसी पिता पर अपने दो मासूम बच्चों को जहर खिलाने का आरोप लगा है।

Gorakhpur: गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जिस पिता की उंगली पकड़कर बच्चे जीवन की राह पर चलना सीखते हैं, उसी पिता पर अपने दो मासूम बच्चों को जहर खिलाने का आरोप लगा है। इलाज के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो जाने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग इस हृदयविदारक घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 11:45 बजे सूचना प्राप्त हुई कि गीडा थाना क्षेत्र के ग्राम बरवार सेक्टर-5 निवासी सत्यम पुत्र अनील कन्नौजिया ने अपनी 8 वर्षीय बेटी परी और 5 वर्षीय बेटे अक्षत को जहरीला पदार्थ खिला दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में दोनों बच्चों को उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे इलाज के दौरान पहले एक बच्चे और फिर दूसरे बच्चे की भी मौत हो गई। मासूम भाई-बहन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता सत्यम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों, घरेलू विवाद और अन्य संभावित कारणों की गहन जांच कर रही है।

स्थानीय लोग हुए स्तब्ध

स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों की मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। गांव में हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि आखिर एक पिता अपने ही बच्चों के साथ ऐसा कैसे कर सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले में साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि समाज के सामने भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Location :  Gorakhpur

Published :  5 June 2026, 5:29 PM IST

Advertisement