हिंदी
BHMS छात्र की गुमशुदगी बनी रहस्य
Gorakhpur: महराजगंज जिले के निवासी और बदहलगंज स्थित शहीद राजा हरिप्रसाद होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में BHMS तृतीय वर्ष के छात्र अभिषेक वर्मा पिछले करीब दो महीने से लापता हैं। छात्र के पिता राजेश्वर वर्मा के अनुसार 10 अप्रैल से उनका अपने बेटे से संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जिसके बाद से परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा है।
परिजनों का कहना है कि 9 अप्रैल तक अभिषेक से सामान्य बातचीत हो रही थी, लेकिन 10 अप्रैल को फोन स्विच ऑफ आने लगा। इसके बाद 11 अप्रैल को बड़े भाई ऋतिक वर्मा द्वारा कॉलेज पहुंचकर जानकारी जुटाने की कोशिश की गई, जहां छात्र के हॉस्टल कमरे में ताला लगा मिला।
कॉलेज परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच में अभिषेक रात करीब 10 बजे कॉलेज गेट की ओर जाते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि सूचना देने और मदद मांगने के बावजूद कॉलेज प्रशासन से कोई सहयोग नहीं मिला। बड़े भाई ऋतिक वर्मा द्वारा बदहलगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन आरोप है कि बाद में जब परिवार कॉलेज पहुंचा तो उन्हें परिसर से बाहर निकाल दिया गया।
परिजनों का यह भी आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को निर्देश दिया है कि लापता छात्र के परिवार की किसी भी प्रकार से मदद न करें, अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मामले को लेकर परिजन पहले ही पुलिस प्रशासन, वरिष्ठ अधिकारियों से मिल चुके हैं। अब परिवार ने गोरखपुर एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अभिषेक वर्मा की जल्द बरामदगी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Location : Gorakhpur
Published : 5 June 2026, 5:23 PM IST