हिंदी
चिलुआताल थाने में हंगामा (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: चिलुआताल थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ मारपीट के मामले में दर्ज मुकदमे ने अब गंभीर आरोपों का रूप ले लिया है। पीड़िता की तहरीर पर पूर्व परिचित अमृत पांडेय के खिलाफ दर्ज मारपीट के मुकदमे में विवेचना और न्यायालय में दिए गए बयानों के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी की है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया गया और इस दौरान आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया गया। मामले को लेकर पुलिस अब सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना चिलुआताल में अमृत पांडेय के विरुद्ध मारपीट के आरोप में मुकदमा अपराध संख्या 886/26 दर्ज किया गया था। मुकदमे की विवेचना के दौरान पीड़िता ने अपने बयान में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने की बात कही। न्यायालय में दिए गए बयानों में भी इन आरोपों का उल्लेख सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराएं बढ़ा दी हैं।
एसएसपी डॉ कौस्तुभ
इस प्रकरण में एक अन्य पहलू भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि थाने पर पीड़िता को मुकदमा दर्ज कराने और मेडिकल परीक्षण करवाने से रोकने के साथ ही पुलिसकर्मियों से अभद्रता किए जाने का मामला भी जांच के दायरे में है। इस संबंध में अभियुक्त के भाई शिवम पांडेय और उनकी मां पूनम पांडेय के विरुद्ध थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
पाकिस्तान जाने की तैयारी में भगवंत मान, राजनीतिक मंजूरी पर टिकी सबकी निगाहें
वहीं, सोशल मीडिया पर संबंधित लोगों की ओर से पुलिस के खिलाफ लगाए गए आरोपों को भी पुलिस ने गंभीरता से लिया है। इन आरोपों की जांच पुलिस अधीक्षक उत्तरी द्वारा की गई। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में थाने के सीसीटीवी फुटेज से सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, संबंधित पक्ष की ओर से जो भी साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे, उन्हें भी जांच में शामिल कर निष्पक्षता से परीक्षण किया जाएगा।
चाय की चुस्की का शौक पड़ा भारी, धुंआ कोहरे में काल बने अज्ञात वाहन ने पांच दोस्तों की छीनी जिंदगी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर की ओर से जारी वीडियो बाइट में भी पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया गया है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों, बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी पक्ष के आरोपों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों की भी जांच होगी।
फिलहाल प्रकरण में विवेचना जारी है। पुलिस सभी संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों का परीक्षण कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मामले में जांच के निष्कर्ष और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
Location : Gorakhpur
Published : 19 November 2026, 9:15 AM IST