हिंदी
खजनी में चोर बेखौफ
Gorakhpur: जनपद के ख़जनी थाना क्षेत्र अंतर्गत पडियापार गांव में बीती रात हुई बड़ी चोरी की वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ख़जनी मुख्य मार्ग पर स्थित एक जनरल स्टोर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए दुकान का शटर तोड़ दिया और नकदी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गोरखपुर में तेज रफ्तार का कहर: सरयू कैनाल में जा गिरा ट्रक, जानें फिर क्या हुआ?
जानकारी के अनुसार पडियापार निवासी सुनील पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय सूर्यवराप्रसाद पाण्डेय की “पाण्डेय जनरल मर्चेन्ट एवं जलपान गृह” नाम से दुकान संचालित है। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वह 8 जनवरी 2026 की रात लगभग 3 बजे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह करीब 6 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि शटर टूटा हुआ है और दुकान के अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। यह देख उनके होश उड़ गए।
दुकान की जांच करने पर पता चला कि चोर करीब 50 किलो दाल, सरसों तेल के 3 गत्ते, काजू, बादाम व किशमिश की पेटियां, साबुन, सर्फ, रिफाइंड तेल (लगभग 30 लीटर), घी, गल्ला, बेल्ट, पर्स, मूंग दाल, काबुली चना सहित कई अन्य कीमती सामान उठा ले गए। इसके अलावा गल्ले में रखे करीब 1500 रुपये नकद भी चोर ले गए। कुल मिलाकर चोरी गए सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर जुट गए। व्यापारियों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में रात्रि गश्त लगभग न के बराबर है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने सख्ती नहीं बरती तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
पीड़ित दुकानदार ने मामले की लिखित तहरीर ख़जनी थाने में देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
फिलहाल इस वारदात ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासे व रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग कर रहा है।
Location : Gorakhpur
Published : 9 January 2026, 3:38 PM IST
Topics : general store Gorakhpur Khajni Shutter break thieves