हिंदी
गोरखपुर में हत्या का मामला (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में व्यापारी पुत्र कार्तिकेय मिश्र उर्फ शुभम (20) की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक शुभम की हत्या उसके पट्टीदार संतोष मिश्रा ने अवैध संबंध होने के शक में की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार शुभम बीएससी का छात्र था। बुधवार रात वह घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित बरामदे में सोने गया था। गुरुवार तड़के करीब पांच बजे संतोष मिश्रा वहां पहुंचा। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने सो रहे शुभम के सिर पर धारदार हथियार से लगातार चार वार किए। गंभीर चोट लगने से शुभम की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर बांसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
शुभम के चचेरे भाई विवेकानंद मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने हत्यारे की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ शुभम के मोबाइल की कॉल डिटेल और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी खंगाली।
पुलिस ने गांव और आसपास के करीब 17 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान संतोष मिश्रा की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की।
पुलिस का दावा है कि संतोष को शुभम के किसी महिला से कथित अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर उसके मन में आक्रोश था। पुलिस के मुताबिक इसी शक के चलते उसने हत्या की योजना बनाई और शुभम के सोने की जगह पर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियार समेत अन्य साक्ष्यों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच जारी है।
पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पूरी ने हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। प्रेस वार्ता में एएसपी/सीओ क्राइम अरुणकुमार और सीओ बांसगांव अनुज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 19 September 2026, 3:18 PM IST
Topics : Bansgaon crime news Gorakhpur Murder Case uttar pradesh