हिंदी
सड़क बनी खेत!
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में विकास के दावों की पोल खोलने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। घुघुली विकास खंड के मंगलपुर पटखौली गांव में वर्षों से बदहाल सड़क और लगातार जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि ग्रामीणों ने विरोध का ऐसा तरीका अपनाया, जिसने पूरे प्रशासनिक तंत्र को कटघरे में खड़ा कर दिया। लोगों ने टूटी-फूटी और पानी से लबालब सड़क को ही खेत मानकर उस पर धान की रोपाई कर दी।
यह मामला महराजगंज के घुघुली विकास खंड अंतर्गत आने वाले मंगलपुर पटखौली गांव का है। गांव के रेलवे लाइन किनारे बसे लोगों का कहना है कि उनके घरों तक जाने वाला मुख्य मार्ग बारिश के मौसम में पूरी तरह पानी में डूब जाता है। बारिश होते ही सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है और रास्ता पहचानना मुश्किल हो जाता है कि यह सड़क है या खेत। कई बार हालात इतने खराब हो जाते हैं कि ग्रामीणों को घर से निकलना ही मुश्किल हो जाता है।
महराजगंज में यूथ पॉवर एसोसिएशन ने मनाया 7वां स्थापना दिवस, युवाओं के विकास का लिया संकल्प
ग्रामीणों का कहना है कि इस बदहाल सड़क का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना पानी और कीचड़ से गुजरना पड़ता है, जिससे उनके कपड़े खराब हो जाते हैं और कई बार वे गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए यह रास्ता किसी चुनौती से कम नहीं है। महिलाओं को भी रोजमर्रा के काम के लिए इसी खतरनाक रास्ते से गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार स्थानीय प्रशासन, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था की मांग की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। लंबे इंतजार और लगातार अनदेखी से परेशान होकर आखिरकार ग्रामीणों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया।
महराजगंज में डाकघर घोटाले से हड़कंप : गायब हुए 11 लाख रुपये, अधिकारी पर केस दर्ज
जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों ने सड़क को ही खेत मान लिया और उसमें धान की रोपाई शुरू कर दी। यह दृश्य न सिर्फ हैरान करने वाला था बल्कि प्रशासन पर एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर गया। ग्रामीणों ने तंज कसते हुए कहा कि जब सड़क की हालत खेत जैसी हो गई है, तो उसमें खेती करने में क्या दिक्कत है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जिसमें सड़क पर भरे पानी और कीचड़ में धान की रोपाई दिखाई दे रही है। यह वीडियो उन्होंने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी भेजा है ताकि स्थिति की गंभीरता को समझा जा सके।
Location : Maharajganj
Published : 15 June 2026, 3:50 PM IST