हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img: Google)
Prayagaraj: प्रयागराज में गंगा नदी पर बन रहे छह-लेन वाले अत्याधुनिक पुल का निर्माण तेजी से अंतिम चरण में पहुंच गया है। स्टेनली रोड से मलक हरहर तक फैले इस पुल पर सितंबर महीने में वाहनों का ट्रायल शुरू होने की तैयारी है। ट्रायल सफल रहने के बाद अक्टूबर तक पुल को जनता के लिए सौंप दिया जाएगा।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार अब तक पुल का करीब 94 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बाकी बचे हिस्सों का काम अगले दो महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद पुल पर फिनिशिंग और सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे।
इस नए छह-लेन पुल के चालू होने के बाद प्रयागराज से लखनऊ की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर तेलियरगंज और फाफामऊ पुल पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से लोगों को छुटकारा मिलेगा। पुल के शुरू होने से यात्रा का समय भी काफी कम हो जाएगा और शहर के भीतर यातायात का दबाव घटेगा।
यह पुल कई मायनों में खास है। इसका निर्माण 16 फरवरी 2021 को शुरू हुआ था। लगभग 9.90 किलोमीटर लंबे इस पुल का पांच किलोमीटर से अधिक हिस्सा सीधे गंगा नदी के ऊपर बनाया जा रहा है।
यह उत्तर प्रदेश का पहला “एक्स्ट्रा-डोज्ड केबल-स्टेड ब्रिज” होगा, जिसमें आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। पुल में कुल 44 विशाल केबल लगाए जा रहे हैं, जो इसकी मजबूती और आकर्षक डिजाइन को खास बनाते हैं।
पुल को केवल वाहनों के लिए ही नहीं, बल्कि पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भी डिजाइन किया गया है। पुल के दोनों ओर अलग-अलग लेन बनाई गई हैं, जिससे लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
गंगा नदी के ऊपर बने पांच किलोमीटर लंबे हिस्से पर सजावटी फेकेड लाइटिंग लगाई जाएगी। खास बात यह है कि ये लाइट्स तिरंगे के रंगों में चमकेंगी, जिससे रात के समय पुल का दृश्य बेहद आकर्षक दिखाई देगा। माना जा रहा है कि नैनी यमुना पुल की तरह यह पुल भी लोगों के लिए नया पर्यटन और मनोरंजन स्थल बन सकता है।
Meerut News: घर में अकेली थी किशोरी, तभी हुआ कुछ ऐसा… मोहल्ले में मच गया हड़कंप
एस.पी. सिंगला के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुनीत सिंगला ने बताया कि पुल का 94 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अगले तीन महीनों में शेष निर्माण और फिनिशिंग कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद सितंबर में वाहनों का ट्रायल और अक्टूबर में पुल हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी होगी।
Location : Prayagraj
Published : 14 May 2026, 9:35 AM IST
Topics : Ganga River Prayagraj prayagraj news UP News